LPU बवाल के बाद इंटरनेट बंद, यूनिवर्सिटी 10 दिन के लिए बंद

गर्ल्स हॉस्टल में घुसने की कोशिश और हाईवे जाम के बाद कार्रवाई, महिला आयोग ने तलब की जांच रिपोर्ट

जालंधर/फगवाड़ा। पंजाब के फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में हुए बवाल के बाद प्रशासन ने इंटरनेट सेवाएं अगले आदेश तक बंद कर दी हैं। अधिकारियों के मुताबिक, भड़काऊ वीडियो और अन्य सामग्री के प्रसार से स्थिति दोबारा न बिगड़े, इसलिए यह कदम उठाया गया है। हंगामे के बाद यूनिवर्सिटी को 10 दिन के लिए बंद कर दिया गया है और मिड-टर्म परीक्षाएं भी रद्द कर दी गई हैं।

महिला आयोग ने मांगी FIR और जांच रिपोर्ट

पंजाब महिला आयोग ने मामले का संज्ञान लेते हुए कपूरथला के डीसी और एसएसपी से एफआईआर की कॉपी, विशेष जांच टीम (SIT) और अब तक हुई जांच की रिपोर्ट मांगी है। आयोग ने यूनिवर्सिटी के गर्ल्स हॉस्टल में छात्राओं की सुरक्षा के लिए किए गए इंतजामों की जानकारी भी तलब की है।

DGP ने यूनिवर्सिटी पहुंचकर लिया जायजा

मुख्यमंत्री भगवंत मान के निर्देश के बाद पंजाब के डीजीपी गौरव यादव यूनिवर्सिटी पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि पुलिस ने न्यूनतम बल का इस्तेमाल किया और छात्रों से बातचीत के जरिए स्थिति संभालने की कोशिश की गई। मामले की जांच के लिए विशेष जांच टीम गठित की गई है।

छात्रों को घर जाने की दी गई अनुमति

हंगामे के बाद LPU प्रशासन ने यूनिवर्सिटी को 10 दिन के लिए बंद करने का फैसला लिया। यूनिवर्सिटी की ओर से कहा गया कि जो छात्र घर जाना चाहते हैं, वे अपने अभिभावकों को बुला सकते हैं। इसके बाद बड़ी संख्या में छात्र अपने घरों के लिए रवाना होने लगे।

18 घंटे जाम रहा दिल्ली-अमृतसर हाईवे

बवाल के बीच दिल्ली-अमृतसर नेशनल हाईवे पर भी यातायात प्रभावित रहा। रविवार सुबह करीब छह बजे से शुरू हुआ जाम करीब 18 घंटे तक बना रहा और रात करीब 12 बजे हाईवे पर यातायात बहाल हो सका। इससे यात्रियों और आसपास के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

मॉल में लूट और हॉस्टल में घुसने की कोशिश

हंगामे के दौरान मॉल से सामान लूटे जाने की बात भी सामने आई है। इसके अलावा अज्ञात युवकों द्वारा गर्ल्स हॉस्टल में घुसने की कोशिश किए जाने की जानकारी सामने आई। इन घटनाओं को लेकर पुलिस जांच कर रही है।

यह भी पढ़े :https://www.tamsasanket.com/cjp-pradarshan-shivaji-park-permission/

CJP ने उठाए बाहरी लोगों की भूमिका पर सवाल

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने दावा किया कि कुछ बाहरी लोग यूनिवर्सिटी में घुसकर हंगामा कर रहे थे। उन्होंने पंजाब पुलिस से पूरे घटनाक्रम की जांच कर यह स्पष्ट करने की मांग की कि बाहरी लोग यूनिवर्सिटी परिसर में कैसे पहुंचे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button