झपकी ने छीनी चार यात्रियों की जान, ट्रेलर में घुसी स्लीपर बस

अंबरपुर टोल प्लाजा के पास हादसा; तीन गंभीर, छह को मामूली चोटें, दोनों वाहनों के चालक मौके से भागे

अंबेडकरनगर। जैतपुर क्षेत्र में गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। अंबरपुर टोल प्लाजा के पास करीब 5:30 बजे दिल्ली से दरभंगा जा रही एसी स्लीपर बस आगे चल रहे टाइल्स लदे ट्रेलर के दाहिने हिस्से में जा घुसी। पुलिस के अनुसार, बस चालक को झपकी आने के बाद हादसा हुआ। टक्कर इतनी तेज थी कि बस का बायां हिस्सा आगे से पीछे तक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे में बस सवार चार यात्रियों की मौत हो गई। इनमें तीन की पहचान हो गई है, जबकि एक मृतक की पहचान नहीं हो सकी। तीन यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं। छह अन्य यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं। घायलों को राजकीय मेडिकल कॉलेज सद्दरपुर पहुंचाया गया। एक गंभीर घायल को हालत नाजुक होने पर लखनऊ रेफर किया गया है।

स्लीपर बॉक्स में सो रहे यात्री सड़क पर जा गिरे

तेगरा एक्सप्रेस की एसी स्लीपर बस बृहस्पतिवार शाम करीब पांच बजे दिल्ली के कश्मीरी गेट से बिहार के दरभंगा के लिए रवाना हुई थी। बस में कुल 43 यात्री सवार थे। यात्री बिहार के मुजफ्फरपुर, दरभंगा और पिपरा कोठी के अलावा कुशीनगर जा रहे थे।

शुक्रवार सुबह बस अंबरपुर टोल प्लाजा के पास पहुंची। पुलिस के अनुसार, इसी दौरान चालक अनु को झपकी आ गई। बस आगे चल रहे टाइल्स लदे ट्रेलर के दाहिने हिस्से से टकरा गई।

टक्कर बस के बाएं हिस्से में हुई। इसी तरफ स्लीपर बॉक्स बने थे। इनमें सो रहे यात्रियों को जोरदार झटका लगा और कई यात्री बस से बाहर निकलकर एक्सप्रेसवे पर जा गिरे। हादसे के बाद करीब 100 मीटर के दायरे में शव और घायल पड़े मिले।

यह भी पढ़े :https://www.tamsasanket.com/ambedkar-nagar-sadak-suraksha-dussehra/

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button