बारात की खुशियां मातम में बदलीं: डीजे वाहन से भिड़ी बाइक

छोटे भाई की मौत; बड़ा भाई जिंदगी-मौत से जूझ रहा

अंबेडकरनगर। बारात से हंसी-खुशी घर लौट रहे दो सगे भाइयों की बाइक मंगलवार रात हादसे का शिकार हो गई। अकबरपुर-अयोध्या मार्ग पर शिवबाबा के पास ग्लोबल विजडम स्कूल के नजदीक बाइक सड़क किनारे खड़े डीजे वाहन से टकरा गई। हादसे में छोटे भाई सूरज यादव (25) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बड़ा भाई रवि यादव (28) गंभीर रूप से घायल हो गया।

रात 11 बजे घर लौटते समय हुआ हादसा

सम्मनपुर थाना क्षेत्र के ताजूपुर डंडवा गांव निवासी सूरज यादव पुत्र परशुराम अपने बड़े भाई रवि के साथ कटेहरी क्षेत्र में एक बारात में शामिल होने गए थे। मंगलवार रात करीब 11 बजे दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। शिवबाबा के पास ग्लोबल विजडम स्कूल के निकट उनकी बाइक सड़क किनारे खड़े डीजे वाहन से जा भिड़ी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। सूरज ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

जिला अस्पताल से मेडिकल कॉलेज रेफर हुआ रवि

हादसे की सूचना पर 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। ईएमटी कृष्ण कुमार ने घायल रवि को प्राथमिक उपचार दिया और जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। रवि को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।

एक की मौत से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

सूरज की मौत की खबर घर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। एक ही हादसे में छोटे बेटे को खोने और बड़े बेटे के गंभीर रूप से घायल होने से परिजन बेहाल हैं। ताजूपुर डंडवा गांव में भी शोक का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button