- 1.40 लाख बिजली उपभोक्ता डिफाल्टर घोषित
- बिजली निगम का 20 करोड़ रुपये बकाया
- आरसी जारी कर भू-राजस्व की तरह होगी वसूली
अंबेडकरनगर। बिजली बिल जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं पर अब विभाग सख्ती की तैयारी में है। जिले में एक लाख 40 हजार उपभोक्ता डिफाल्टर घोषित किए गए हैं। इन पर बिजली निगम का करीब 20 करोड़ रुपये बकाया है। विभाग अब इनसे भू-राजस्व की तरह वसूली करेगा।
बकाया जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ आरसी (वसूली प्रमाणपत्र) जारी की जाएगी। इसके साथ ही घरों और प्रतिष्ठानों में लगे बिजली मीटर हटाने और कनेक्शन काटने की कार्रवाई भी की जाएगी।
चार डिवीजनों में चिह्नित हुए 1.40 लाख बकायेदार
जिले के अकबरपुर, जलालपुर, टांडा और आलापुर डिवीजन में कुल चार लाख 30 हजार बिजली उपभोक्ता हैं। इनमें से करीब एक लाख 40 हजार उपभोक्ता ऐसे हैं, जिन्होंने लंबे समय से बिल जमा नहीं किया है।
इनमें ऐसे उपभोक्ता भी शामिल हैं, जिन्होंने कनेक्शन लेने के बाद कभी बिजली बिल का भुगतान नहीं किया। विभाग ने इन बकायेदारों के खिलाफ कार्रवाई के लिए उपखंड स्तर पर चार सदस्यीय टीमों का गठन किया है।
योजना का लाभ नहीं लेने वालों पर बढ़ी सख्ती
बिजली निगम की ओर से जनवरी से मार्च तक तीन चरणों में एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) चलाई गई थी। इस योजना के तहत उपभोक्ताओं को ब्याज और मूलधन में छूट का लाभ दिया जा रहा था।
इसके बावजूद बड़ी संख्या में बकायेदारों ने योजना का लाभ नहीं लिया और बिल जमा नहीं किया। अब विभाग ने ऐसे उपभोक्ताओं के खिलाफ वसूली अभियान तेज करने का निर्णय लिया है।









