अंबेडकरनगर। आलापुर के चहोड़ा के गडडगवा चौराहे पर सोमवार को दो बाइकों की भिड़ंत के बाद मामला अचानक गंभीर हो गया। हादसे में एक युवक की मौत हो गई। इसी बीच मौके से भाग रहे पांच युवकों को पकड़ने के लिए पुलिस ने पीछा किया। चार युवक पुलिस की पकड़ में आ गए, जबकि एक फरार हो गया। पकड़े गए युवकों में एक के पास से कट्टा मिलने की बात पुलिस ने बताई है। वहीं, घटना के बाद फैली फायरिंग की सूचना को पुलिस ने अफवाह बताया है।
टक्कर में मूंगफली कारोबारी की मौत
शनिचरा बाजार, थाना धनघटा, संतकबीरनगर निवासी महेंद्र पुत्र राममिलन मूंगफली का कारोबार करते थे। सोमवार को वह रामनगर से चहोड़ा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बिड़हर घाट की ओर से हंसवर बाजार जा रहे दो बाइकों पर सवार पांच युवक गडडगवा चौराहे के पास पहुंचे।
दोनों बाइकों की भिड़ंत में महेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। उनकी मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस को जानकारी दी गई।
हादसे के बाद भागे युवक, पुलिस ने पीछा कर दबोचा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद पांच युवक मौके से भागने लगे। सूचना मिलने पर 112 पुलिस ने पीछा किया। चार युवकों को पकड़ लिया गया। हरिवंशपुर, थाना पौली, संतकबीरनगर निवासी विजय कुमार (18) हादसे में घायल था। उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर ले जाकर उपचार कराया गया।









