होमस्टे के 32 आवेदनों की हुई समीक्षा, सत्यापन में पारदर्शिता पर जोर

शहरी क्षेत्र से 22 और ग्रामीण क्षेत्र से मिले 10 आवेदन, मानकों की जांच के बाद होगा पंजीकरण

अंबेडकरनगर। उत्तर प्रदेश बेड एंड ब्रेकफास्ट एवं होमस्टे नीति-2025 के तहत जिले में होमस्टे इकाइयों के पंजीकरण की प्रक्रिया चल रही है। मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी ईशा प्रिया की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समिति की बैठक हुई। इसमें पंजीकरण के लिए मिले आवेदनों और उनके सत्यापन की स्थिति की समीक्षा की गई।
बैठक में प्रभारी जिला पर्यटन अधिकारी ने समिति के सामने प्राप्त आवेदनों का विवरण रखा। बताया गया कि जिले में अब तक होमस्टे पंजीकरण के लिए कुल 32 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें 22 आवेदन शहरी क्षेत्र और 10 आवेदन ग्रामीण क्षेत्र से संबंधित हैं।
हर आवेदन का होगा स्थलीय और अभिलेखीय सत्यापन
जिलाधिकारी ने आवेदनों की बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक आवेदन का निर्धारित मानकों के अनुसार स्थलीय और अभिलेखीय सत्यापन कराया जाए। पंजीकरण प्रक्रिया में पारदर्शिता के साथ नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने कहा कि होमस्टे इकाइयों के विस्तार से जिले में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही बाहर से आने वाले पर्यटकों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण आवासीय सुविधा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
अशरफपुर किछौछा के आवेदन में मिली कमियां
समीक्षा के दौरान अशरफपुर किछौछा क्षेत्र से संबंधित एक आवेदन में कुछ कमियां सामने आईं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारी को आवेदन का दोबारा सत्यापन कराने के निर्देश दिए। साथ ही आवेदक से आवश्यक कमियां दूर कराने को कहा गया।
उन्होंने निर्देश दिया कि सभी जरूरी कार्रवाई पूरी करने के बाद संबंधित आवेदन को अगले मंगलवार तक समिति के समक्ष दोबारा प्रस्तुत किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button