कोर्ट का आदेश रहा बेअसर

कब्जा दिलाने पहुंची जेसीबी, महिलाओं के विरोध में थम गई कार्रवाई

अंबेडकरनगर। अदालती आदेश के अनुपालन में कब्जा दिलाने के लिए मंगलवार को गौहन्ना के बबुरहिया गांव पहुंची न्यायिक टीम को एक बार फिर कार्रवाई पूरी किए बिना लौटना पड़ा। मौके पर चार जेसीबी, कई थानों की पुलिस और पीएसी के जवान मौजूद थे। जेसीबी से कार्रवाई शुरू होते ही महिलाओं और बच्चों ने मशीनों के आगे बैठकर विरोध शुरू कर दिया। करीब ढाई घंटे तक पुलिस उन्हें समझाती रही, लेकिन विरोध नहीं थमा। प्रशासनिक अधिकारियों की गैरमौजूदगी के बीच आखिरकार कार्रवाई रोकनी पड़ी।

जेसीबी आगे बढ़ी तो महिलाएं मशीनों के सामने बैठीं

न्यायालय के अमीन और कर्मचारी सभी पक्षों को सूचना देने के बाद कार्रवाई के लिए मौके पर पहुंचे थे। अकबरपुर, भीटी, सम्मनपुर समेत अन्य थानों की पुलिस के साथ पीएसी भी लगाई गई थी। कार्रवाई के लिए चार जेसीबी मौके पर खड़ी थीं।

कब्जा खाली करने की चेतावनी के बाद जब जेसीबी शुरू हुई तो महिलाओं और बच्चों ने उसके आगे बैठकर विरोध किया। प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र सिंह ने काफी देर तक उन्हें समझाने का प्रयास किया। पुलिस के समझाने के बावजूद महिलाएं वहां से नहीं हटीं।

करीब ढाई घंटे तक मौके पर स्थिति बनी रही। विरोध के कारण जेसीबी से आगे की कार्रवाई नहीं हो सकी।

पुलिस बल मौजूद, लेकिन प्रशासनिक अधिकारी नहीं

मौके पर पर्याप्त पुलिस बल और पीएसी की तैनाती के बावजूद प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी नहीं थी। न्यायिक टीम ने इसे कार्रवाई में बड़ी बाधा बताया। कोर्ट अमीन ने प्रशासनिक सहयोग नहीं मिलने पर नाराजगी जताई।

अमीन के अनुसार, न्यायालय के आदेश का अनुपालन कराने के लिए केवल पुलिस बल पर्याप्त नहीं है। मौके पर प्रशासनिक तंत्र का सहयोग भी जरूरी है। प्रशासनिक अधिकारी मौजूद नहीं होने के कारण पुलिस ने भी आगे की कार्रवाई करने से इनकार कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button