लखनऊ। लखनऊ में रेस्टोरेंट कारोबारी की मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप राजधानी लखनऊ में शुक्रवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में चौथी मंजिल से गिरकर 27 वर्षीय रेस्टोरेंट कारोबारी शिवा शर्मा की मौत हो गई। घटना बालू अड्डे के पास स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट की है। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। परिजनों ने कारोबारी की महिला परिचित और उससे जुड़ी कुछ अन्य लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस युवक को धक्का दिए जाने समेत अन्य संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।
शिवा शर्मा ‘वंदे मातरम’ और ‘आंगन’ नाम से रेस्टोरेंट चेन चलाते थे। वह अवध ग्रीन अपार्टमेंट में रहते थे और कैफे का कारोबार भी करते थे। उनकी मौत की खबर मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
फोन पर मिली हादसे की सूचना, अस्पताल में नहीं मिले शिवा
मृतक की मां रंजना शर्मा के मुताबिक, शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे रश्मि दुबे नाम की युवती का फोन आया। उसने बताया कि शिवा का एक्सीडेंट हो गया है और उन्हें हजरतगंज से डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले जाया जा रहा है। सूचना मिलने पर परिजन अस्पताल पहुंचे, लेकिन वहां शिवा नहीं मिले।
परिजनों का कहना है कि करीब डेढ़ घंटे तक तलाश करने के बाद उन्हें पता चला कि शिवा को मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया है। परिवार के सदस्य वहां पहुंचे तो डॉक्टरों ने शिवा को मृत घोषित कर दिया।
एम्बुलेंस के पास खड़े चालक के भागने का आरोप
रंजना शर्मा ने आरोप लगाया कि मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी के बाहर एम्बुलेंस के पास श्रद्धा दुबे की ओर से भेजा गया ड्राइवर दानिश मौजूद था, जो कथित तौर पर फोन पर सौरव कश्यप नाम से बात करता था। परिवार को देखते ही वह एम्बुलेंस और शिवा को वहीं छोड़कर भाग गया।
परिजनों के अनुसार, एम्बुलेंस चालक ने बताया कि वह पिछले करीब तीन घंटे से पहले राम मनोहर लोहिया अस्पताल और फिर मेडिकल कॉलेज के चक्कर लगा रहा था। इस पूरे घटनाक्रम को लेकर परिवार ने संदेह जताया है। पुलिस की जांच में यह स्पष्ट होना बाकी है कि शिवा को अस्पतालों तक कैसे पहुंचाया गया और घटना के समय उनके साथ कौन-कौन मौजूद था।
शरीर पर चोटों के निशान होने का परिजनों का दावा
रंजना शर्मा ने आरोप लगाया कि बेटे के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे। परिवार का दावा है कि शिवा की आंखों और जबड़े में चोट थी, नाक और कान से खून बह रहा था तथा टांग और पसलियां टूटी हुई थीं। परिजनों ने शरीर पर सिगरेट से जलाने जैसे निशान और खरोंचें होने की बात भी कही है।
परिवार को आशंका है कि शिवा के साथ मारपीट की गई और बाद में उन्हें चौथी मंजिल से गिराया गया। हालांकि, मौत के वास्तविक कारण और चोटों की प्रकृति की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।









