थाने से भागा चोरी का आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार

चौपटिया रोड पर पुलिस ने दबोचा- शौच जाने के बहाने सिपाही को चकमा देकर फरार हुआ था शानू, लापरवाही पर सिपाही के खिलाफ भी केस

लखनऊ। ठाकुरगंज थाने से पुलिस कस्टडी से फरार हुआ चोरी का आरोपी मो. शानू उर्फ समद 24 घंटे के अंदर दोबारा गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस टीम ने सोमवार देर रात घेराबंदी कर उसे चौपटिया रोड से पकड़ लिया। आरोपी को 9 अगस्त की रात चोरी के मामले में गिरफ्तार किया गया था, लेकिन अगले दिन सुबह शौच जाने के दौरान वह सिपाही को चकमा देकर थाने से फरार हो गया था।

चार पुलिस टीमों ने शुरू की तलाश

आरोपी के फरार होने के बाद उसकी तलाश के लिए पुलिस की चार टीमें लगाई गई थीं। पुलिस ने आसपास के इलाकों में दबिश देने के साथ संभावित ठिकानों पर निगरानी बढ़ाई। सोमवार देर रात पुलिस टीम ने घेराबंदी कर शानू को चौपटिया रोड से पकड़ लिया।

आरोपी के फरार होने के मामले में शानू और रिक्रूट सिपाही अजीत कुमार के खिलाफ अलग मुकदमा दर्ज किया गया है। सिपाही पर ड्यूटी में लापरवाही बरतने का आरोप है।

घर में घुसकर चोरी का आरोप

पन्नी वाली गली, निवाजगंज चौराहा निवासी सुशीला साहू ने 8 अगस्त को ठाकुरगंज थाने में चोरी की तहरीर दी थी। उन्होंने बताया था कि 7 अगस्त की रात करीब 2:30 बजे चोर छत के रास्ते उनके घर में घुसा था।

चोर ने अलमारी में रखी नकदी और ओप्पो मोबाइल चोरी कर लिया था। शिकायत के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की।

CCTV और सुरागों से पकड़ा गया था आरोपी

जांच के दौरान पुलिस ने CCTV फुटेज और अन्य सुरागों की मदद से तहसीनगंज निवासी शानू उर्फ मो. समद को चिन्हित किया। पुलिस के मुताबिक, उसे 9 अगस्त की रात करीब 11:40 बजे गुलालाघाट इलाके से गिरफ्तार किया गया था।

गिरफ्तारी के बाद उसे ठाकुरगंज थाने की हवालात में रखा गया था।

शौच जाने के बहाने हुआ फरार

पुलिस के मुताबिक, 10 अगस्त की सुबह करीब 7 बजे शानू ने शौच जाने की बात कही। संतरी ड्यूटी पर तैनात सिपाही अजीत कुमार उसे थाने के शौचालय तक लेकर गया।

इसी दौरान आरोपी सिपाही को चकमा देकर थाने से भाग गया। सिपाही ने करीब 35 मिनट बाद रात्रि अफसर पंकज सिंह को घटना की सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की और 24 घंटे के भीतर उसे दोबारा गिरफ्तार कर लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button