अलीगंज अग्निकांड के बाद लखनऊ में बड़ी कार्रवाई

कोचिंग और कॉम्प्लेक्सों की जांच तेज, कई प्रतिष्ठान सील, तीन हफ्ते चलेगा अभियान

लखनऊ। अलीगंज में हुए भीषण अग्निकांड, जिसमें 15 लोगों की मौत हो गई थी, के बाद लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने शहरभर में कोचिंग सेंटर, लाइब्रेरी और शॉपिंग कॉम्प्लेक्सों की जांच तेज कर दी है। इस हादसे के बाद प्रशासन सुरक्षा मानकों की सख्ती से जांच कर रहा है।

एलडीए, अग्निशमन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने बुधवार को विभिन्न इलाकों में मानकों के विपरीत संचालित प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की। जांच के दौरान गोमतीनगर स्थित भूमि IAS कोचिंग, विद्या मंदिर कोचिंग और दृष्टिकोण लाइब्रेरी को सील कर दिया गया।

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर शुरू किया गया यह अभियान लगातार तीन सप्ताह तक चलाया जाएगा। इस दौरान कोचिंग सेंटर, लाइब्रेरी, होटल, नर्सिंग होम, डांस स्टूडियो, प्ले स्कूल और अन्य व्यावसायिक भवनों की गहन जांच की जाएगी।

अधिकारियों के अनुसार, जिन भवनों में अग्नि सुरक्षा मानकों, पार्किंग व्यवस्था और भवन मानचित्र नियमों का उल्लंघन पाया जाएगा, उनके खिलाफ तत्काल सीलिंग और नोटिस की कार्रवाई की जाएगी। बुधवार को ही सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले 71 प्रतिष्ठानों को सील किया गया, जबकि 83 भवन मालिकों को नोटिस जारी किए गए हैं।

जिन प्रमुख कोचिंग संस्थानों पर कार्रवाई हुई उनमें एलन, ग्रेविटी, आकाश, गवर्नमेंट एग्जाम वाला और पैरामाउंट जैसे बड़े नाम शामिल हैं।

गौरतलब है कि 22 जून को अलीगंज स्थित एक इमारत में आग लग गई थी। इस इमारत के बेसमेंट, ग्राउंड और पहले तल पर पेट शॉप और क्लीनिक संचालित थे, जबकि दूसरे फ्लोर पर लर्निंग स्पेस नाम की लाइब्रेरी और हेड हॉपर स्टूडियो स्थित था। इसी स्टूडियो में काम करने वाले 15 लोगों की इस हादसे में जान चली गई थी, जिसके बाद पूरे शहर में सुरक्षा मानकों को लेकर सख्ती बढ़ा दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button