लखनऊ। बिजनौर थाना क्षेत्र में शनिवार रात किसान पथ पर हुए सड़क हादसे में बाइक सवार 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। अलीनगर खुर्द के पास तेज रफ्तार बैटरी डाले ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी जान चली गई। मृतक की पहचान कल्ली पश्चिम निवासी शिवकरन के बेटे आशू रावत के रूप में हुई है। वह इलाके में वायरिंग का काम करता था।
काम खत्म कर घर लौट रहा था आशू
परिजनों के मुताबिक, आशू शनिवार रात करीब 10 बजे बिजनौर से काम खत्म करके बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान रिंग रोड यानी किसान पथ पर अलीनगर खुर्द के पास बैटरी डाले ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे की सूचना मिलने के बाद परिवार में चिंता फैल गई। रविवार को पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव का पोस्टमॉर्टम कराया।
शव गांव पहुंचते ही परिवार में मचा कोहराम
पोस्टमॉर्टम के बाद पुलिस शव को सीधे आशू के गांव लेकर पहुंची। शव घर पहुंचते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गांव में हंगामे की आशंका को देखते हुए पुलिस और पीएसी की तैनाती की गई।
मौके पर पीजीआई, सरोजनीनगर और बिजनौर थाने की पुलिस मौजूद रही। इंस्पेक्टर सुनील सिंह, बिजनौर इंस्पेक्टर कपिल गौतम और सरोजनीनगर इंस्पेक्टर रामदेव प्रजापति समेत पुलिस बल ने स्थिति पर नजर रखी।
थाने पर प्रदर्शन की तैयारी, बाद में अंतिम संस्कार के लिए रवाना हुए परिजन
जानकारी के अनुसार, परिजन शव को बिजनौर थाने ले जाकर प्रदर्शन करना चाहते थे। हालांकि, पोस्टमॉर्टम के बाद पुलिस शव को मोर्चरी से सीधे गांव ले आई। बाद में परिजनों की सहमति से वे शव का अंतिम संस्कार करने के लिए रवाना हो गए।
मृतक के पिता शिवकरन ने बिजनौर थाने में हादसे के संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।









