68500-69000 शिक्षक भर्ती अभ्यर्थियों का 13वें दिन भी प्रदर्शन

बोले- अधिकार मिलने तक जारी रहेगा आंदोलन

  • लखनऊ के इको गार्डन में बारिश के बीच प्रदर्शन जारी
  • 68500 और 69000 भर्ती अभ्यर्थियों ने आरक्षण में गड़बड़ी का लगाया आरोप
  • 5% छूट और संशोधित चयन सूची जारी करने की मांग

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के इको गार्डन में 68500 और 69000 शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों का विरोध प्रदर्शन रविवार को 13वें दिन भी जारी रहा। प्रदर्शनकारियों ने भर्ती प्रक्रिया में आरक्षण से जुड़ी गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

अभ्यर्थियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर फैसला नहीं होता और उन्हें उनका अधिकार नहीं मिलता, तब तक आंदोलन खत्म नहीं किया जाएगा।

68500 भर्ती में 5% छूट का मामला

प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थी आशुतोष ने कहा कि पिछले छह साल से लगातार संघर्ष किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अगर अभ्यर्थियों के साथ न्याय हुआ होता तो उन्हें बारिश में खुले आसमान के नीचे प्रदर्शन नहीं करना पड़ता।

आशुतोष के मुताबिक, वर्ष 2018 में 68,500 सहायक शिक्षकों की भर्ती निकाली गई थी। इसमें दिव्यांग, भूतपूर्व सैनिक, अनुसूचित जाति और पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए 5 प्रतिशत छूट का प्रावधान था। अभ्यर्थियों का आरोप है कि इन चारों श्रेणियों को इस छूट का लाभ नहीं मिला और सामान्य अभ्यर्थियों के साथ ही परिणाम जारी कर दिया गया।

5% छूट देकर संशोधित परिणाम जारी करने की मांग

प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांग है कि भर्ती परीक्षा के पासिंग मार्क्स में 5 प्रतिशत की छूट दी जाए। उनका कहना है कि 150 पूर्णांक वाली परीक्षा में 60 अंक यानी 40 प्रतिशत अंक निर्धारित कर परिणाम संशोधित किया जाए और नई चयन सूची जारी की जाए।

अभ्यर्थियों का दावा है कि इस मामले को लेकर बेसिक और माध्यमिक शिक्षा मंत्री के साथ उच्च अधिकारियों की बैठक भी हो चुकी है, लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button