प्रधानों का कार्यकाल खत्म होते ही तेज हुए भुगतान, सारंगपुर में खर्च पर उठे सवाल

कटेहरी की ग्राम पंचायत में इंटरलॉकिंग और गलियों के निर्माण के नाम पर कई भुगतान; शिकायतकर्ताओं ने सीडीओ से की निष्पक्ष जांच की मांग

अंबेडकरनगर। ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों के नाम पर हो रहे खर्च और भुगतान की प्रक्रिया सवालों के घेरे में है। कटेहरी विकासखंड की सारंगपुर ग्राम पंचायत में प्रशासक की तैनाती के बाद इंटरलॉकिंग सड़कों और गलियों के निर्माण के लिए कई भुगतान किए जाने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने भुगतान और निर्माण कार्यों की जांच की मांग उठाई है। कुछ शिकायतकर्ताओं ने मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) से निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

अलग-अलग कार्यों के नाम पर हुए भुगतान

ग्रामीणों के अनुसार, होलिका दहन स्थल से हनुमान मंदिर तक इंटरलॉकिंग सड़क बनाने के लिए कुंज इंटरप्राइजेज को 1.65 लाख रुपये का भुगतान किया गया। रमेश के घर की ओर जाने वाले रास्ते के लिए अवध कंस्ट्रक्शन को दो किस्तों में 74,545 और 62,611 रुपये दिए गए।

इसी तरह जनार्दन के घर तक रास्ता बनाने के नाम पर 74,870 रुपये और पिंटू के घर की गली के निर्माण के लिए गिरजा एंटरप्राइजेज को 1,48,791 रुपये का भुगतान किए जाने की जानकारी दी गई है। ग्रामीणों का दावा है कि इन कार्यों सहित विकास मद में करीब 10 लाख रुपये खर्च किए गए हैं। हालांकि, इन भुगतानों और निर्माण कार्यों की वास्तविक स्थिति की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button