लखनऊ। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर शुक्रवार को आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं ने लखनऊ में प्रदर्शन किया। हुसैनगंज स्थित PFC बिल्डिंग पर जुटे कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए हंगामा किया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की और नोकझोंक हुई। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर अभद्रता करने का आरोप लगाया।
‘इस्तीफा होने तक सड़क पर जारी रहेगा प्रदर्शन’
आजाद समाज पार्टी के प्रदेश सचिव अनिकेत धानुक ने मुख्य चुनाव आयुक्त पर लोकतंत्र को कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जब तक ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते, तब तक पार्टी कार्यकर्ता सड़क पर प्रदर्शन करते रहेंगे। उन्होंने दावा किया कि लोकतंत्र को बचाने के लिए पार्टी सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करेगी।
चुनाव में वोट चोरी का लगाया आरोप
अनिकेत धानुक ने दावा किया कि 35 करोड़ से ज्यादा वोटों की चोरी कर अलग-अलग राज्यों और केंद्र में भाजपा की सरकार बनवाने में मदद की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त और उनके निर्देश पर चुनाव आयोग भाजपा के पक्ष में काम कर रहा है। ये आरोप पार्टी नेता ने प्रदर्शन के दौरान लगाए हैं।
बिहार, पश्चिम बंगाल और यूपी का किया जिक्र
प्रदर्शन के दौरान अनिकेत धानुक ने बिहार और पश्चिम बंगाल के चुनावों का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि अब उत्तर प्रदेश को निशाना बनाने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि ज्ञानेश कुमार को पद से हटाए बिना उत्तर प्रदेश में चुनाव नहीं होना चाहिए। पार्टी नेता ने चुनाव आयोग पर पक्षपात करने के आरोप लगाते हुए आंदोलन जारी रखने की बात कही।









