लखनऊ। लखनऊ के काकोरी थाना क्षेत्र के पुरैना गांव स्थित भारत गैस गोदाम से 409 खाली गैस सिलेंडर और मजदूरों की मजदूरी के 22 हजार रुपये लूटने का मामला सामने आया है। एजेंसी मालिक इस्लाम अहमद अब्बासी ने मोहम्मद यूसुफ समेत पांच लोगों के खिलाफ मारपीट, लूटपाट और जान से मारने की धमकी देने की शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में एक मजदूर को भी अपने साथ ले जाने का आरोप लगाया गया है।
पुलिस को दिए गए प्रार्थना पत्र के मुताबिक, 6 अक्टूबर 2026 को शाम करीब पांच बजे मोहम्मद यूसुफ चार अन्य लोगों के साथ कार से गैस गोदाम पहुंचा था। वहां मौजूद मजदूरों से पूछताछ करने के बाद सभी लोग चले गए। आरोप है कि उसी रात करीब साढ़े आठ बजे पांचों लोग दोबारा गोदाम पहुंचे।
मजदूरों से मारपीट और खाना फेंकने का आरोप
शिकायतकर्ता के मुताबिक, जब आरोपी दोबारा गोदाम पहुंचे, उस समय मजदूर खाना बना रहे थे। आरोप है कि पांचों ने मजदूरों के साथ मारपीट की और उनका खाना फेंक दिया। इसके बाद गोदाम के गेट का ताला तोड़कर अंदर रखे 409 खाली सिलेंडर और मजदूरों की मजदूरी के 22 हजार रुपये लेकर फरार हो गए।
एजेंसी मालिक ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने मजदूरों को पीटकर गोदाम से भगा दिया और घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। शिकायत में आरोपितों के अवैध असलहों से लैस होने की बात भी कही गई है।









