कोटा में एक्सप्रेसवे पर पुलिया से गिरी मिनी बस, 8 की मौत

17 यात्री घायल, भोपाल से खाटूश्यामजी जा रहा था ट्रैवलर; ओम बिरला बोले- हादसे की जांच कराकर ब्लैक स्पॉट सुधारे जाएंगे

कोटा। राजस्थान के कोटा में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। सिमलिया थाना क्षेत्र में कराड़िया टोल के पास एक ट्रैवलर (मिनी बस) पुलिया से करीब 15 फीट नीचे गिर गया। हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि 17 यात्री घायल हो गए। सभी मृतक मध्य प्रदेश के बैतूल जिले के रहने वाले बताए गए हैं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए।

भोपाल से खाटूश्यामजी जा रहा था ट्रैवलर

पुलिस के मुताबिक, दुर्घटना शनिवार सुबह करीब छह बजे हुई। ट्रैवलर भोपाल से खाटूश्यामजी जा रहा था। कोटा शहर से करीब 35 किलोमीटर दूर कराड़िया टोल के पास वाहन अनियंत्रित होकर पुलिया से नीचे गिर गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे। घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है।

अंधेरे में रेस्क्यू करने में आई परेशानी

हादसे के समय अंधेरा होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में कुछ देरी हुई। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, कई शव सीटों के बीच फंसे हुए थे। उन्हें काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। वहीं, घायल यात्रियों को निकालने के लिए ट्रैवलर की खिड़कियां तोड़नी पड़ीं। दुर्घटना के बाद पुलिस ने घटनास्थल पर बचाव कार्य कराया और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी।

घायलों से मिले लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला

हादसे के बाद लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला घायलों से मिलने पहुंचे। उन्होंने घटना पर चिंता जताते हुए कहा कि दुर्घटना की जांच कराई जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे समेत अन्य राजमार्गों पर सड़क सुरक्षा को लेकर अध्ययन किया जा रहा है। इसके तहत दुर्घटनाओं की आशंका वाले स्थानों की पहचान कर सुधार के उपाय तय किए जाएंगे।

नवंबर में होगी बैठक, ब्लैक स्पॉट सुधारने की तैयारी

ओम बिरला के मुताबिक, सड़क सुरक्षा से जुड़े कुछ बिंदु सामने आए हैं। इन पर अंतिम बैठक नवंबर में होगी। बैठक के बाद दुर्घटना संभावित क्षेत्रों यानी ब्लैक स्पॉट को ठीक कराने की योजना है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है और घायलों का इलाज जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button