लखनऊ। इंदिरा नगर स्थित मैथिलीशरण गुप्त वार्ड के भूतनाथ श्री बालाजी शक्तिपीठ पर दुर्गा पूजा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। रविवार शाम को मंदिर परिसर में माता की चौकी के साथ भव्य झांकी और विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आयोजन को लेकर सुबह से ही मंदिर में सेवादार व्यवस्थाएं संभालने में जुटे हैं।
श्रद्धालुओं के लिए हलवा-चना प्रसाद की व्यवस्था
शक्तिपीठ के मुख्य पुजारी एवं सेवादार दिलीप श्रीवास्तव ने बताया कि शाम को माता की चौकी के दौरान भव्य झांकी सहित कई धार्मिक आयोजन होंगे। श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद की व्यवस्था की गई है। इसमें हलवा-चना वितरित किया जाएगा, जिसे सेवादार स्वयं तैयार कर रहे हैं।
सुबह से दर्शन-पूजन के लिए पहुंच रहे भक्त
रविवार सुबह से ही शक्तिपीठ में श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी हुई है। भक्तों ने माता के दर्शन और पूजन के साथ कन्या पूजन भी किया। धार्मिक आयोजन को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा और शाम के कार्यक्रम को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
सेवादार तैयारियों में जुटे
आयोजन की तैयारियों में मुख्य पुजारी एवं सेवादार दिलीप श्रीवास्तव के साथ सोनू राठौर, राजेन्द्र कुमार एडवोकेट और अन्य सेवादार सहयोग कर रहे हैं। सभी लोग कार्यक्रम की व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित करने में जुटे हैं।









