- गोरेगांव ईस्ट में 14 अक्टूबर की रात हुई थी घटना
- डेढ़ साल की बच्ची की छठी मंजिल से गिरकर मौत हुई
- मां ने 10 साल की पड़ोसी बच्ची पर नीचे फेंकने का आरोप लगाया
मुंबई। मुंबई के गोरेगांव में डेढ़ साल की बच्ची की छठी मंजिल से गिरकर मौत के मामले में पुलिस ने घटना के सात दिन बाद हत्या की एफआईआर दर्ज की है। बच्ची की मां ने 10 साल की पड़ोसी बच्ची पर उसे नीचे फेंकने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शुरुआत में इस मामले को आकस्मिक मौत के रूप में दर्ज किया था। अब सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद मामले की जांच हत्या के एंगल से की जा रही है।
CCTV में बच्ची को डक्ट में धकेलते दिखने का दावा
पुलिस के मुताबिक, घटना 14 अक्टूबर की रात गोरेगांव ईस्ट की शिवशाही बिल्डिंग में हुई थी। सीसीटीवी फुटेज में कथित तौर पर नाबालिग लड़की छोटी बच्ची को उठाकर रेलिंग के पास खुले डक्ट में धकेलती दिखाई दे रही है। इसके बाद वह वहां से चली गई।
घटना के बाद सोसायटी के लोग घायल बच्ची को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आरोपी नाबालिग को जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के सामने पेश किया था। बोर्ड ने उसकी काउंसलिंग कराने के निर्देश दिए और उसे माता-पिता की देखरेख में छोड़ दिया।
बिल्ली के साथ खेल रही थी बच्ची
एफआईआर के मुताबिक, घटना रात करीब 9 से 9:30 बजे के बीच हुई। बच्ची की मां ने पुलिस को बताया कि उनकी 18 महीने की बेटी छठी मंजिल पर घर के बाहर बने कॉमन कॉरिडोर में एक बिल्ली के साथ खेल रही थी।
कुछ देर बाद जब बच्ची दिखाई नहीं दी, तो मां ने अपने 12 वर्षीय बेटे को उसे तलाशने के लिए भेजा। काफी तलाशने के बाद भी बच्ची नहीं मिली। इसके बाद भाई ने सीढ़ियों के पास बने खुले डक्ट में नीचे देखा। वहां उसे अपनी बहन जैसे कपड़े पहने एक बच्ची पड़ी दिखाई दी।
भाई ने तुरंत अपनी मां को इसकी जानकारी दी। इसके बाद बच्ची को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पहले आकस्मिक मौत का मामला दर्ज किया था
पुलिस ने शुरुआत में बच्ची की मौत को आकस्मिक घटना मानते हुए मामला दर्ज किया था। हालांकि, मां की शिकायत और सीसीटीवी फुटेज में सामने आए कथित घटनाक्रम के आधार पर घटना के सात दिन बाद हत्या की एफआईआर दर्ज की गई।
मामले में आरोपी बच्ची नाबालिग है। पुलिस जांच में जुटी है और आगे की कार्रवाई किशोर न्याय से जुड़े कानूनी प्रावधानों के तहत की जाएगी।









