सोनिया गांधी की किताब बाजार में आई, बिना लॉन्च इवेंट शुरू हुई बिक्री

अ जर्नी ऑफ लव’ में 527 पेज और सात चैप्टर हैं। किताब के कवर पर लगी तस्वीर 1966 में राजीव गांधी ने खींची थी।

नई दिल्ली। कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ की बिक्री शुरू हो गई है। खास बात यह है कि किताब को किसी औपचारिक लॉन्च इवेंट के बिना ही सीधे बाजार में उपलब्ध करा दिया गया है। हार्पर कॉलिन्स इंडिया से प्रकाशित इस किताब में सोनिया गांधी ने अपनी निजी जिंदगी, परिवार और राजनीतिक सफर से जुड़े कई अनुभव साझा किए हैं।

527 पेज की किताब सात अध्यायों में बंटी

किताब में कुल 527 पेज हैं, जिन्हें सात अध्यायों में बांटा गया है। इसके कवर पर सोनिया गांधी की तस्वीर लगी है, जिसे वर्ष 1966 में राजीव गांधी ने क्लिक किया था। किताब के शुरुआती पन्ने पर इसे उनके बेटे राहुल गांधी, बेटी प्रियंका गांधी और पोते-पोतियों रैहान तथा मिराया को समर्पित किया गया है।

इसके बाद के एक पन्ने पर ऋग्वेद की ऋचाएं शामिल की गई हैं। किताब की शुरुआत में ही परिवार और भारतीय परंपरा से जुड़े इन संदर्भों को जगह दी गई है।

निजी जीवन और राजीव गांधी के साथ रिश्ते का जिक्र

सोनिया गांधी ने इस किताब को निजी संस्मरण यानी मेमॉयर बताया है। उनका कहना है कि यह राजनीतिक किताब नहीं है। इसमें राजीव गांधी से पहली मुलाकात, दोनों के बीच प्रेम, शादी और इटली से भारत आने तक के अनुभवों का जिक्र किया गया है।

किताब में गांधी परिवार के साथ हुई बड़ी त्रासदियों और निजी जिंदगी पर पड़े उनके प्रभाव को भी जगह दी गई है। राजीव गांधी के निधन के बाद के दौर और उस समय परिवार की परिस्थितियों से जुड़े अनुभव भी इसमें शामिल हैं।

कांग्रेस का नेतृत्व और प्रधानमंत्री न बनने का फैसला

किताब के राजनीतिक हिस्से में राजीव गांधी के निधन के बाद कांग्रेस की जिम्मेदारी संभालने और पार्टी के नेतृत्व से जुड़े अनुभवों का उल्लेख है। इसमें वर्ष 2004 के राजनीतिक घटनाक्रम का भी जिक्र किया गया है।

सोनिया गांधी ने उस फैसले पर भी बात की है, जब कांग्रेस को बहुमत मिलने के बावजूद उन्होंने प्रधानमंत्री पद स्वीकार नहीं किया था। सातों अध्यायों में निजी रिश्तों, परिवार की चुनौतियों और राजनीति में उनकी भूमिका से जुड़े अलग-अलग पड़ावों को समेटा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button