काठमांडू। नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने सोमवार को भारत के राजदूत नवीन श्रीवास्तव से मुलाकात की। प्रधानमंत्री बनने के बाद किसी विदेशी राजदूत के साथ शाह की यह पहली वन-टू-वन बैठक रही। मुलाकात के दौरान दोनों देशों के संबंधों, विकास सहयोग और आपसी हित के मुद्दों पर चर्चा हुई।
नवीन श्रीवास्तव ने बालेन शाह को नेपाल का प्रधानमंत्री बनने पर बधाई दी। उन्होंने भारत की ओर से नेपाल के साथ मजबूत संबंधों और सहयोग को आगे बढ़ाने की बात कही।
व्यापार और विकास सहयोग पर जोर
बालेन शाह ने कहा कि भारत और नेपाल के संबंध पुराने और भरोसेमंद हैं। उन्होंने दोनों देशों के बीच व्यापार बढ़ाने के साथ बिजली, सड़क और अन्य विकास परियोजनाओं में सहयोग जारी रखने पर जोर दिया।
शाह की चीन के राजदूत झांग माओमिंग से भी मुलाकात प्रस्तावित है। भारतीय राजदूत के साथ बैठक के बाद इस मुलाकात को नेपाल की क्षेत्रीय कूटनीति के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है।
पहले विदेशी अधिकारियों से अकेले नहीं मिलते थे शाह
प्रधानमंत्री बनने के शुरुआती दौर में बालेन शाह ने विदेश मंत्री के स्तर से नीचे के विदेशी अधिकारियों के साथ वन-टू-वन मुलाकात नहीं करने की नीति अपनाई थी। वह विदेशी राजदूतों के साथ सामूहिक बैठकों को प्राथमिकता देते थे।
इसी वजह से भारतीय विदेश सचिव विक्रम मिस्री की 11-12 मई की नेपाल यात्रा के दौरान भी शाह से उनकी अकेले में मुलाकात नहीं हो सकी थी। शाह ने अमेरिकी अधिकारियों समीर पॉल कपूर और सर्जियो गोर से मुलाकात के अनुरोध भी स्वीकार नहीं किए थे।
इसके बजाय शाह ने 9 अप्रैल और 26 मई को काठमांडू में तैनात कई देशों के राजदूतों के साथ सामूहिक बैठकें की थीं।









