कानपुर। काकादेव थाना क्षेत्र स्थित एक रिहैब सेंटर में पढ़ने वाली मूक-बधिर छात्रा का अश्लील वीडियो उसके पिता के वॉट्सऐप पर भेजने का मामला सामने आया है। वीडियो भेजने का आरोप सेंटर के पूर्व कर्मचारी विपिन पर है। पुलिस ने शिकायत के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के समय छात्रा 17 साल की थी, इसलिए मामले में पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
श्याम नगर निवासी पीड़ित छात्रा के पिता ने उसकी पढ़ाई और देखभाल के लिए उसे काकादेव स्थित रिहैब सेंटर में दाखिल कराया था। शुक्रवार सुबह करीब तीन बजे उनके वॉट्सऐप पर बेटी का पुराना वीडियो आया। इसे देखकर परिवार सदमे में आ गया। इसके बाद पिता ने पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई और बेटी की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई।
सीसीटीवी और मोबाइल नंबर की जांच से खुलासा
शिकायत मिलने के बाद काकादेव पुलिस ने रिहैब सेंटर पहुंचकर जांच शुरू की। पुलिस ने सेंटर के सीसीटीवी कैमरों और डीवीआर की भी जांच की। जांच के दौरान पता चला कि सेंटर में पहले काम करने वाले बजरिया निवासी विपिन ने कथित तौर पर नौकरी के दौरान वीडियो रिकॉर्ड किया था। वीडियो में सेंटर में पढ़ने वाला एक अन्य युवक भी दिखाई दे रहा है।
नौकरी से निकाले जाने के बाद वीडियो भेजने का आरोप
डीसीपी अतुल श्रीवास्तव के मुताबिक, नौकरी से निकाले जाने के बाद विपिन ने कथित तौर पर सेंटर को बदनाम करने के इरादे से वीडियो छात्रा के पिता को भेजा। पुलिस ने वीडियो भेजने वाले मोबाइल नंबर की जांच की। शुरुआत में यह नंबर सेंटर के एक कर्मचारी के पास मिला, लेकिन पूछताछ में पता चला कि उस नंबर का वॉट्सऐप दूसरे मोबाइल पर चल रहा था।
जांच के बाद पुलिस ने विपिन की पहचान की और उसे गिरफ्तार कर लिया। चूंकि वीडियो में दिखाई गई घटना के समय छात्रा नाबालिग थी, इसलिए पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की है।









