अंबेडकरनगर। यूपी बोर्ड की वर्ष 2027 की परीक्षा में उत्तर पुस्तिकाओं का स्वरूप बदला नजर आएगा। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के परीक्षार्थियों को इस बार दो के बजाय एक मुख्य कवर पेज वाली कॉपियां दी जाएंगी। इसी पेज पर परीक्षा से जुड़ी जरूरी जानकारियों के साथ परीक्षक की ओर से दिए गए अंकों का ब्योरा दर्ज होगा। उत्तर पुस्तिकाओं पर क्यूआर कोड भी अंकित रहेगा और उनकी पहचान के लिए अलग-अलग रंग निर्धारित होंगे।
बोर्ड की इस नई व्यवस्था से उत्तर पुस्तिकाओं की पहचान करना आसान होगा। साथ ही, कॉपियों की अदला-बदली जैसी गड़बड़ियों पर अंकुश लगाने में मदद मिलने की उम्मीद है। नई व्यवस्था के बीच जिले में परीक्षा की तैयारियां भी शुरू हो गई हैं।
369 विद्यालयों के परीक्षार्थी होंगे शामिल
अंबेडकरनगर में इस बार हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के कुल 67,119 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। इनमें हाईस्कूल के 35,984 और इंटरमीडिएट के 31,135 छात्र-छात्राएं शामिल हैं। जिले के 369 माध्यमिक विद्यालयों के परीक्षार्थियों के लिए परीक्षा केंद्र निर्धारित करने की प्रक्रिया चल रही है।
पिछले वर्ष जिले में बोर्ड परीक्षा के लिए 114 केंद्र बनाए गए थे। इन पर 71,398 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी थी। इस बार भी केंद्रों की संख्या लगभग इतनी ही रहने की संभावना है। हालांकि, केंद्रों की अंतिम संख्या विद्यालयों की उपलब्धता, परीक्षार्थियों की संख्या और बोर्ड के मानकों के आधार पर तय होगी।
पांच फरवरी से प्रस्तावित है परीक्षा
घोषित समय-सारिणी के अनुसार, वर्ष 2027 की यूपी बोर्ड परीक्षा पांच फरवरी से प्रस्तावित है। इसे देखते हुए केंद्र निर्धारण के साथ परीक्षा संबंधी अन्य व्यवस्थाओं को समय से पूरा करने की तैयारी की जा रही है।
जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. कौस्तुभ सिंह ने बताया कि बोर्ड के निर्देशों के अनुसार परीक्षा की तैयारियां चल रही हैं। परीक्षा केंद्रों का निर्धारण समेत सभी जरूरी प्रक्रियाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरी कराई जाएंगी।









