शह-मात के खेल में जिले की प्रतिभाओं को मिलेगा मंच, दिसंबर में होगी प्रतियोगिता

अंबेडकरनगर चेस एसोसिएशन की पहली आधिकारिक बैठक में फैसला, नियमित मुकाबलों के जरिए खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने की तैयारी

अंबेडकरनगर। जिले में शतरंज को नई पहचान दिलाने की पहल शुरू हो गई है। अंबेडकरनगर चेस एसोसिएशन दिसंबर में जिला स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता आयोजित करेगा। सोमवार को तक्षशिला रूट्स में हुई एसोसिएशन की पहली आधिकारिक बैठक में यह निर्णय लिया गया। प्रतियोगिता के जरिए स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।

एसोसिएशन के अध्यक्ष और पूर्व सांसद रितेश पांडेय ने कहा कि जिले में शतरंज खेलने वाले खिलाड़ियों को पहचान दिलाना और उनकी प्रतिभा को निखारना संस्था का प्रमुख उद्देश्य है। इसके लिए नियमित प्रतियोगिताएं आयोजित करने की योजना है। इससे अलग-अलग आयु वर्ग के खिलाड़ियों को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिल सकेगा।

नियमित प्रतियोगिताओं से खिलाड़ियों को जोड़ने की तैयारी

बैठक में सदस्यों ने जिले में शतरंज के विकास, प्रतियोगिताओं के आयोजन और स्थानीय खिलाड़ियों को अवसर देने से जुड़े सुझाव रखे। शतरंज गतिविधियों को नियमित रूप से संचालित करने और जिले में इस खेल के प्रति रुचि बढ़ाने पर भी चर्चा हुई।

रितेश पांडेय ने सदस्यों के सहयोग के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से अंबेडकरनगर के खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के अवसर दिए जा सकते हैं। दिसंबर में होने वाली प्रतियोगिता इसी दिशा में एसोसिएशन का पहला प्रमुख आयोजन होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button