अंबेडकरनगर। सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर भाजपा की ओर से जिले में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सोमवार को भाजपा जिला कार्यालय अटल भवन में हुई प्रेसवार्ता में पार्टी के पिछड़ा मोर्चा जिलाध्यक्ष अमरजीत मौर्य ने कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 30 अक्तूबर को गोष्ठी होगी, जबकि 31 अक्तूबर को पटेल नगर स्थित सरदार पटेल की प्रतिमा स्थल की साफ-सफाई और दीप प्रज्वलन किया जाएगा।
प्रेसवार्ता में अमरजीत मौर्य ने कहा कि सरदार पटेल ने देश की रियासतों का एकीकरण कर राष्ट्रीय एकता और अखंडता को मजबूत करने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उनके जीवन और विचारों से लोगों को परिचित कराने के उद्देश्य से जयंती के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि 30 अक्तूबर को अटल भवन में होने वाली गोष्ठी में सरदार पटेल के जीवन, विचारों और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर चर्चा होगी। अगले दिन पटेल नगर स्थित उनकी प्रतिमा की साफ-सफाई और दीप प्रज्वलन का कार्यक्रम रखा गया है।
महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष का स्वागत
भाजपा जिला कार्यालय में जिलाध्यक्ष दिलीप पटेल देव की अध्यक्षता में महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष दीपिका शाह का स्वागत भी किया गया। दिलीप पटेल देव ने कहा कि महिला मोर्चा महिलाओं को संगठन से जोड़कर उसे मजबूत बनाने का काम करेगा। उन्होंने आगामी चुनाव में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया।
प्रेसवार्ता को जिला मीडिया प्रभारी बाल्मीकि उपाध्याय की मौजूदगी में संबोधित किया गया। कार्यक्रम का संचालन जिला उपाध्यक्ष शुभम अग्रहरि ने किया।









