आईजीआरएस की समीक्षा में खराब निस्तारण वाले विभागों पर डीएम सख्त

ईशा प्रिया ने शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध समाधान के दिए निर्देश, शिकायतकर्ता की संतुष्टि पर भी रहेगा जोर

अंबेडकरनगर। आईजीआरएस पोर्टल पर जनशिकायतों के निस्तारण की समीक्षा में जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने खराब संतुष्टि वाले विभागों को सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल निर्धारित समय में पूरा करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि समाधान की गुणवत्ता और शिकायतकर्ता की संतुष्टि पर भी ध्यान देना होगा।

कलेक्ट्रेट सभागार में हुई विभागवार समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि आईजीआरएस के माध्यम से लोग अपनी समस्याएं प्रशासन तक पहुंचाते हैं। ऐसे में प्रत्येक अधिकारी शिकायतों को गंभीरता से ले और उनका समयबद्ध व प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करे। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस कार्य में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

पोर्टल पर शिकायतों की नियमित समीक्षा के निर्देश

जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को आईजीआरएस पोर्टल पर आने वाली शिकायतों की नियमित समीक्षा करने और तय समय-सीमा के भीतर उनका निस्तारण करने को कहा। उन्होंने विशेष रूप से उन विभागों को कार्यप्रणाली में सुधार लाने के निर्देश दिए, जहां शिकायतों के समाधान के बाद संतुष्टि का स्तर खराब पाया गया। अधिकारियों को शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।

कई विभागों के अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी वैभव मिश्रा, अपर जिलाधिकारी न्यायिक रंजीत सिंह, अकबरपुर की ज्वाइंट मजिस्ट्रेट एवं एसडीएम प्रतीक्षा सिंह, टांडा के ज्वाइंट मजिस्ट्रेट एवं एसडीएम थनिगईयरसन टी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

इसके अलावा जिला विकास अधिकारी, परियोजना अधिकारी डीआरडीए, सभी एसडीएम और तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, अधीक्षण अभियंता विद्युत, उपनिदेशक कृषि, जिला कार्यक्रम अधिकारी और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी बैठक में शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button