वोटर लिस्ट में नाम नहीं तो आज मौका, हर बूथ पर लगेगा कैंप

सुबह 10 से शाम चार बजे तक बैठेंगे बीएलओ, नए मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए मिलेगा फॉर्म-6

अंबेडकरनगर। मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूट गए हैं तो शनिवार को अपने बूथ पर पहुंचकर पंजीकरण करा सकते हैं। जिले के सभी मतदेय स्थलों पर 17 अक्टूबर को विशेष मतदाता पंजीकरण कैंप लगाए जाएंगे। सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) मौजूद रहेंगे। पहली बार मतदाता बनने वाले युवा भी इस अभियान के तहत नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकेंगे।

फोटो और दस्तावेज साथ ले जाएं

जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ईशा प्रिया ने सभी बूथों पर कैंप लगाने और इसकी जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए पात्र नागरिकों को फॉर्म-6 भरना होगा। इसके साथ नवीनतम फोटो तथा जन्मतिथि और पते से जुड़े दस्तावेजों की स्व-प्रमाणित छायाप्रतियां ले जानी होंगी। परिवार के किसी सदस्य का मतदाता पहचान पत्र नंबर उपलब्ध हो तो उसे भी साथ रखें।

अधिकारियों को निगरानी की जिम्मेदारी

जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को कैंपों का निरीक्षण करने और प्राप्त आवेदनों का व्यवस्थित रिकॉर्ड रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने को कहा है। राजनीतिक दलों से भी अपने बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) सक्रिय करने और पंजीकरण प्रक्रिया में बीएलओ का सहयोग करने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button