नई दिल्ली। दिल्ली में 1 नवंबर को होने वाली INDIA ब्लॉक की ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ रैली को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शुक्रवार को दिल्ली में INDIA ब्लॉक के नेताओं के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर शुक्रवार को प्रस्तावित ‘सड़क पर संसद’ कार्यक्रम अब शनिवार को आयोजित किया जाएगा।
इस कार्यक्रम में राहुल गांधी समेत विपक्षी दलों के नेता मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ सार्वजनिक महाभियोग अभियान चलाने वाले थे। विपक्षी गठबंधन का आरोप है कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली के कारण मतदाताओं के अधिकार प्रभावित हो रहे हैं। इसी मुद्दे को लेकर विपक्ष मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग कर रहा है।
रामलीला मैदान में होगी ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ रैली
INDIA ब्लॉक 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में बड़ी रैली आयोजित करेगा। इसमें गठबंधन के कई दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना है। विपक्षी दलों का कहना है कि यह अभियान वोटर लिस्ट में कथित गड़बड़ियों, मतदाताओं के नाम काटे जाने और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली के विरोध में चलाया जा रहा है।
राहुल गांधी ने 29 अक्टूबर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर वीडियो जारी कर छात्र संगठनों से भी दिल्ली मार्च में शामिल होने की अपील की थी। उन्होंने प्रदर्शन में पुलिस कार्रवाई या लाठीचार्ज की आशंका से घबराने के बजाय लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाने की बात कही।









