नई दिल्ली। चुनाव आयोग ने छह राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में मतदाता सूची के स्पेशल समरी रिवीजन (SSR) की घोषणा की है। इस प्रक्रिया में अरुणाचल प्रदेश, चंडीगढ़, दादरा और नगर हवेली एवं दमन और दीव, मिजोरम, ओडिशा और सिक्किम शामिल हैं। इसका उद्देश्य मतदाता सूची को अपडेट करना और सभी पात्र नागरिकों के नाम इसमें शामिल करना है।
चुनाव आयोग के अनुसार, इस अभियान में खासतौर पर युवाओं और पहली बार मतदान करने जा रहे लोगों पर ध्यान दिया जाएगा। मतदाता सूची का ड्राफ्ट 30 नवंबर को जारी किया जाएगा, जबकि अंतिम सूची 21 जनवरी 2027 को प्रकाशित होगी।
नए मतदाताओं को मिलेगा नाम जुड़वाने का मौका
स्पेशल समरी रिवीजन के तहत उन नागरिकों को मतदाता सूची में नाम शामिल कराने का अवसर मिलेगा, जो मतदान के लिए पात्र हैं, लेकिन किसी कारण से उनका नाम सूची में दर्ज नहीं है। इसके साथ ही पहले से दर्ज नामों में गलतियों को सुधारने और जरूरी बदलाव करने की प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी।
इस अभियान में पहली बार वोट डालने वाले युवाओं को विशेष रूप से शामिल करने की कोशिश होगी, ताकि कोई भी पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रहे।
2027 में पात्र होने वालों से भी लिए जाएंगे एडवांस आवेदन
SSR प्रक्रिया के तहत ऐसे नागरिकों को भी अग्रिम आवेदन करने की सुविधा दी जाएगी, जो 1 अप्रैल, 1 जुलाई और 1 अक्टूबर 2027 को मतदान के योग्य हो जाएंगे। इससे भविष्य में पात्र होने वाले युवाओं को पहले से आवेदन करने का मौका मिलेगा और मतदाता सूची में उनका नाम शामिल करने की प्रक्रिया आसान हो सकेगी।
क्या है स्पेशल समरी रिवीजन?
स्पेशल समरी रिवीजन यानी SSR मतदाता सूची को अपडेट करने की नियमित प्रक्रिया है। इसमें मौजूदा वोटर लिस्ट को आधार बनाकर नए पात्र मतदाताओं के नाम जोड़े जाते हैं। साथ ही, पहले से दर्ज नामों में मौजूद गलतियों को सुधारा जाता है और जरूरी संशोधन किए जाते हैं।









