216 फरियादियों ने लगाई गुहार, 29 को मौके पर मिला समाधान

पांचों तहसीलों में लगा संपूर्ण समाधान दिवस, टांडा में डीएम-एसपी ने सुनीं समस्याएं; अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश

अंबेडकरनगर। जिले की पांचों तहसीलों में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायतों का अंबार लगा। फरियादियों ने राजस्व, पुलिस, विकास समेत विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। पूरे जिले में कुल 216 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें से 29 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों के अधिकारियों को सौंपकर जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

टांडा में डीएम-एसपी के सामने पहुंचीं फरियादें

टांडा तहसील में जिलाधिकारी ईशा प्रिया और पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। यहां राजस्व, पुलिस और विकास विभाग से संबंधित शिकायतें आईं। दोनों अधिकारियों ने शिकायतकर्ताओं की बात सुनकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। टांडा में कुल 14 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से दो का मौके पर ही निस्तारण किया गया।

बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाएं फरियादी

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेकर उसका समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करें। समाधान में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि फरियादियों को एक ही समस्या के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। इसके लिए अधिकारी शिकायतों की जांच कर यथासंभव मौके पर ही समाधान सुनिश्चित करें।

चार तहसीलों में आईं 202 शिकायतें

भीटी, अकबरपुर, जलालपुर और आलापुर तहसीलों में आयोजित समाधान दिवस में कुल 202 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें से 27 का मौके पर निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों के पास भेजा गया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे शिकायतों की जांच कर निर्धारित समय में कार्रवाई पूरी करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button