अंबेडकरनगर। महरुआ थाना क्षेत्र के अंतरौरा गांव में होमगार्ड के पति की जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो गई। मृतक की पहचान श्रवण कुमार के रूप में हुई है। उनकी पत्नी पुष्पा निषाद होमगार्ड के पद पर तैनात हैं। बताया जा रहा है कि श्रवण ने पहले भी जहरीला पदार्थ खाया था। उपचार के बाद घर लौटने पर बुधवार को उन्होंने दोबारा जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
पहले भी बिगड़ी थी तबीयत, उपचार के बाद लौटे थे घर
जानकारी के अनुसार, श्रवण कुमार ने किसी बात को लेकर पहले जहरीला पदार्थ खा लिया था। इसकी जानकारी होने पर पुलिस टीम ने उन्हें जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया था। उपचार के बाद शाम को हालत में सुधार होने पर वह घर लौट आए थे।
बाजार से पदार्थ खरीदकर घर आए, फिर बिगड़ी हालत
बताया गया कि बुधवार सुबह श्रवण बाजार गए और वहां से जहरीला पदार्थ खरीदकर घर लौटे। दोपहर बाद उन्होंने दोबारा उसका सेवन कर लिया। कुछ देर बाद उनकी हालत बिगड़ने लगी। परिजन आनन-फानन में उन्हें जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए मेडिकल कॉलेज सद्दरपुर रेफर कर दिया। वहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।









