केयरटेकर ने एडीओ पर लगाया रुपये मांगने और छेड़छाड़ का आरोप

महिला का दावा- कर्बला बाजार में हाथ पकड़कर कार में बैठाने की कोशिश की, पुलिस मामले की जांच में जुटी

अंबेडकरनगर। सम्मनपुर क्षेत्र की एक महिला ने एडीओ (आईएसबी) पर 10 हजार रुपये मांगने, हाथ पकड़ने और जबरन कार में बैठाने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि सामुदायिक शौचालय की केयरटेकर की जिम्मेदारी दोबारा दिलाने के नाम पर उससे रुपये मांगे गए। मामले में उसने सम्मनपुर और जलालपुर थाने में तहरीर दी है। पुलिस का कहना है कि प्रकरण की जांच की जा रही है।

जिम्मेदारी से हटाने के बाद रुपये मांगने का आरोप

पीड़िता के अनुसार, वह गांव में सामुदायिक शौचालय की केयरटेकर थी। करीब दो महीने पहले एडीओ (आईएसबी) ने उसे हटाकर दूसरे व्यक्ति को जिम्मेदारी सौंप दी। इसके बावजूद वह काम करती रही और गूगल मैप पर अपनी उपस्थिति की तस्वीरें अपलोड करती रही। महिला का आरोप है कि जिम्मेदारी दोबारा दिलाने के नाम पर एडीओ ने उससे 10 हजार रुपये मांगे। उसने चार हजार रुपये दे दिए थे। शेष छह हजार रुपये के लिए दबाव बनाया जा रहा था।

कर्बला बाजार में हाथ पकड़कर कार में बैठाने की कोशिश

महिला ने आरोप लगाया कि चार नवंबर को कर्बला बाजार में एडीओ ने छह हजार रुपये छोड़ने की बात कहते हुए उसका हाथ पकड़ लिया और कार में बैठाने की कोशिश की। घटना के बाद उसने पहले सम्मनपुर थाने में शिकायत की। इसके बाद घटनास्थल के आधार पर जलालपुर थाने में भी तहरीर दी।

पुलिस ने कहा- जांच की जा रही है

सीओ सिटी अरुण नौहवार ने बताया कि मामला संज्ञान में है। आरोपी की लोकेशन पता कराई जा रही है और बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया गया है। वहीं, संबंधित एडीओ ने महिला की ओर से लगाए गए सभी आरोपों को निराधार बताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button