अंबेडकरनगर। अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के मोहसिनपुर स्थित एलआईसी गली में शुक्रवार को एक युवक का शव घर के कमरे में पंखे से लटका मिला। घटना की जानकारी होते ही इलाके में हलचल मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कमरे में मिला युवक का शव
मृतक की पहचान मोहसिनपुर निवासी नंदकुमार गौड़ उर्फ सन्नू (28) पुत्र विजय गौड़ के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवक का शव कमरे में पंखे से लटका मिला। उसके गले पर गहरे चोट के निशान भी पाए गए हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्रेम प्रसंग की चर्चा, आधिकारिक पुष्टि नहीं
घटना को लेकर इलाके में प्रेम प्रसंग से जुड़ी चर्चाएं हैं। हालांकि, पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है। युवक ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया, इसका पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह
सूचना मिलने पर अकबरपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। अकबरपुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। उन्होंने बताया कि मामले में परिजनों की ओर से अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।









