नई दिल्ली/भोपाल। चार दिवसीय छठ महापर्व सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ संपन्न हो गया। चौथे और आखिरी दिन व्रतियों ने सूर्यदेव को अर्घ्य देकर 36 घंटे का निर्जला व्रत पूरा किया। इसके साथ ही घरों और घाटों पर छठी मैया की पूजा-अर्चना की गई।
सुबह चार बजे से घाटों पर जुटने लगे श्रद्धालु
उगते सूर्य को अर्घ्य देने के लिए श्रद्धालु सुबह करीब चार बजे से ही घाटों पर पहुंचने लगे थे। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड में गंगा-यमुना समेत अन्य नदियों और तालाबों के घाटों पर बड़ी संख्या में लोग जुटे। सुबह सूर्योदय के समय घाटों पर छठी मैया के गीत और पूजा के मंत्र गूंजते रहे।
दिल्ली में यमुना घाटों पर उमड़ी भीड़
दिल्ली में यमुना के विभिन्न घाटों पर छठ पूजा के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। जानकारी के मुताबिक, सूर्योदय के समय करीब सवा लाख लोग घाटों पर मौजूद थे। व्रतियों ने परिवार की सुख-समृद्धि और संतान की लंबी उम्र की कामना के साथ सूर्यदेव को अर्घ्य दिया।
मोतिहारी जेल में कैदियों ने की छठ पूजा
बिहार के मोतिहारी सेंट्रल जेल में भी छठ महापर्व आस्था के साथ मनाया गया। इसके लिए जेल परिसर में विशेष घाट तैयार किया गया था। यहां 75 महिलाओं और 62 पुरुषों समेत कई कैदियों ने पूजा-अर्चना की और उगते सूर्य को अर्घ्य दिया।
अमेरिका में भी मनाया गया छठ महापर्व
छठ की आस्था देश की सीमाओं से बाहर भी देखने को मिली। अमेरिका के वॉशिंगटन में पोटोमैक नदी के किनारे पूर्वांचल के लोगों ने छठ पूजा की। श्रद्धालुओं ने पारंपरिक तरीके से सूर्यदेव को अर्घ्य देकर परिवार की खुशहाली और सुख-समृद्धि की कामना की।









