थाईलैंड के फुकेट में इमारत में लगी आग, 11 लोगों की मौत; 17 घायल

ग्राउंड फ्लोर पर थी मोटरसाइकिल किराए की दुकान, ट्रांसफॉर्मर में धमाके के बाद आग लगने की आशंका; पांचवीं मंजिल पर मिले 10 शव

बैंकॉक। थाईलैंड के मशहूर पर्यटन स्थल फुकेट द्वीप पर सोमवार तड़के एक इमारत में भीषण आग लग गई। हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि 17 लोग घायल हुए हैं। स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, आग सुबह करीब 2 बजे लगी थी। दमकलकर्मियों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

ग्राउंड फ्लोर पर थी मोटरसाइकिल की दुकान

हादसे वाली इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर मोटरसाइकिल किराए पर देने की दुकान थी, जबकि ऊपरी मंजिलों पर लोग रहते थे। फुकेट के गवर्नर चोडनारिन कोएडसोम के मुताबिक, दुकान में करीब 100 मोटरसाइकिलें रखी थीं। इसके अलावा वहां गैस, इंजन ऑयल, प्लास्टिक का सामान और टायर भी मौजूद थे।

ज्वलनशील सामान से तेजी से फैली आग

गवर्नर ने बताया कि दुकान में रखी ज्वलनशील चीजों की वजह से आग तेजी से फैलने की आशंका है। इनसे निकलने वाले घने और जहरीले धुएं ने भी लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आग लगने से कुछ देर पहले पास के बिजली ट्रांसफॉर्मर में धमाका हुआ था। हालांकि, पुलिस आग लगने की वास्तविक वजह की जांच कर रही है।

तीसरी और पांचवीं मंजिल पर मिले शव

अधिकारियों के मुताबिक, आग फैलने के बाद कई लोग जान बचाने के लिए इमारत की ऊपरी मंजिलों की ओर भागे। राहत एवं बचाव अभियान के दौरान एक शव तीसरी मंजिल पर मिला, जबकि पांचवीं मंजिल से 10 शव बरामद किए गए। शुरुआती जानकारी के अनुसार, मृतकों में किसी विदेशी नागरिक के होने की पुष्टि नहीं हुई है।

पातोंग बीच के पास स्थित है इमारत

यह इमारत फुकेट के पश्चिमी तट पर मशहूर पातोंग बीच के पास एक कस्बे में स्थित है। फुकेट दक्षिणी थाईलैंड का प्रमुख द्वीप और लोकप्रिय पर्यटन स्थल है। हादसे के बाद पुलिस और स्थानीय प्रशासन आग लगने के कारणों की जांच में जुटे हैं।

चार महीने पहले बैंकॉक के बार में लगी थी आग

थाईलैंड में यह हादसा ऐसे समय हुआ है, जब करीब चार महीने पहले बैंकॉक के एक बार में भी आग लगने की घटना सामने आई थी। फुकेट की घटना ने एक बार फिर इमारतों में अग्नि सुरक्षा और ज्वलनशील सामान के भंडारण को लेकर सवाल खड़े किए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button