ओमप्रकाश राजभर का अखिलेश पर हमला

बोले- बिखर चुका है पीडीए का फॉर्मूला

अंबेडकरनगर। कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने सोमवार को अंबेडकरनगर पहुंचकर समाजवादी पार्टी और उसके अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला। सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने आगरा में हुए सपा के दलित सम्मेलन को फ्लॉप बताया। राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव का पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक (पीडीए) फॉर्मूला बिखर चुका है।

उन्होंने दावा किया कि दलित समाज चंद्रशेखर आजाद और अल्पसंख्यक समाज असदुद्दीन ओवैसी की ओर जा रहा है। राजभर ने आरोप लगाया कि आगरा के सम्मेलन में 20 जिलों से यादव समाज के लोगों को बुलाकर भीड़ जुटाई गई। उनके मुताबिक, सम्मेलन में दलितों की अपेक्षित भागीदारी नहीं रही।

सपा सरकार में खत्म किया गया प्रमोशन में आरक्षण
अखिलेश यादव के ‘दमदार दलित’ बयान पर पलटवार करते हुए राजभर ने सपा सरकार के कार्यकाल पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार में सरकारी कर्मचारियों के प्रमोशन में आरक्षण खत्म किया गया था। उन्होंने मायावती सरकार का जिक्र करते हुए कहा कि उस दौरान दलित महापुरुषों के नाम पर बनाए गए जिलों और योजनाओं के नाम बदले गए थे। उन्होंने सपा शासनकाल के दो जून के गेस्ट हाउस कांड का भी उल्लेख किया।

ओटीपी बयान पर भी अखिलेश को घेरा
अखिलेश यादव के ओटीपी संबंधी बयान पर भी राजभर ने निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव रात के अंधेरे में गुलदस्ता लेकर भाजपा के शीर्ष नेताओं से मुलाकात करते हैं। राजभर ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ अखिलेश यादव की मुलाकातों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर मौजूद होने का दावा किया। उन्होंने सवाल उठाया कि अखिलेश को ओटीपी की जानकारी किसने दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button