अंबेडकरनगर। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। 25 नवंबर को पिंटू गौतम की बारात निकलनी थी, लेकिन इससे पहले ही उसकी हत्या कर दी गई। राजेसुल्तानपुर थाना क्षेत्र के बनकटा बुजुर्ग गांव में सोमवार सुबह डीजे संचालक पिंटू (30) का शव घर से महज 30 मीटर दूर मिला। परिजनों ने छठ पर्व पर डीजे बजाने को लेकर हुए विवाद में लाठी-डंडों से पीटकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने चार नामजद आरोपियों को हिरासत में लिया है।
रात में डीजे बजाने को लेकर हुआ था विवाद
विशुनपुर बनकटा बुजुर्ग निवासी पिंटू गौतम पुत्र स्वर्गीय लालचंद डीजे संचालन का काम करता था। परिजनों के मुताबिक, रविवार को छठ पर्व के लिए गांव के अजय साहनी पुत्र रामसेवक, विक्की साहनी पुत्र हीरालाल, लालू साहनी पुत्र कस्तूरी साहनी और श्रवण पुत्र जयराम साहनी ने उसका साउंड सिस्टम बुक किया था।
पिंटू ने शाम को साउंड सिस्टम बजाने के बाद उसे रामधनी के खेत में रख दिया था। आरोप है कि देर रात सिस्टम बजाने को लेकर पिंटू और चारों लोगों के बीच विवाद हुआ। इसके बाद सोमवार सुबह पिंटू का शव घर के पास मिला। परिजनों का आरोप है कि विवाद के बाद उसकी लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी गई और शव घर के पास फेंक दिया गया।
भाई की तहरीर पर चार के खिलाफ हत्या का मुकदमा
शव मिलने की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की जांच की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के बड़े भाई सूर्यभान की तहरीर पर अजय साहनी, विक्की साहनी, लालू साहनी और श्रवण साहनी के खिलाफ हत्या, मारपीट, गाली-गलौज और एससी-एसटी एक्ट समेत अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने चारों नामजद आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।









