श्रवणधाम में 3 करोड़ रुपये से होंगे विकास कार्य

निषादराज की प्रतिमा के साथ बनेगी म्यूजियम गैलरी

अम्बेडकरनगर। जिले के ऐतिहासिक और धार्मिक स्थल श्रवण क्षेत्र धाम को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की तैयारी तेज हो गई है। यहां कुल तीन करोड़ रुपये की लागत से विकास कार्य कराए जाएंगे। इसके तहत 50 लाख रुपये से निषादराज की प्रतिमा स्थापित होगी, जबकि 2.50 करोड़ रुपये की लागत से म्यूजियम गैलरी और कैफेटेरिया का निर्माण कराया जाएगा। इन परियोजनाओं की प्रगति और प्रस्तावित सुविधाओं का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने अधिकारियों के साथ श्रवणधाम का स्थलीय निरीक्षण किया।

कटेहरी विधायक धर्मराज निषाद के प्रस्ताव पर पर्यटन विभाग की सहभागिता योजना के तहत इन परियोजनाओं को स्वीकृति मिली है। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी वैभव मिश्रा और कार्यदायी संस्था सीएंडडीएस यूनिट-44 के अधिशासी अभियंता देवव्रत पवार भी मौजूद रहे।

प्रतिमा से लेकर कैफेटेरिया तक का होगा निर्माण

जिलाधिकारी ने प्रस्तावित निषादराज प्रतिमा की स्थापना, म्यूजियम गैलरी और कैफेटेरिया के निर्माण की रूपरेखा देखी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को पूरे परिसर के व्यवस्थित विकास के निर्देश दिए। साथ ही पर्यटकों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जरूरी पर्यटन सुविधाओं को भी योजना में शामिल करने को कहा।

समयसीमा और निर्माण की गुणवत्ता पर डीएम का जोर

डीएम ने निर्देश दिया कि सभी विकास कार्यों की कार्ययोजना व्यवस्थित ढंग से तैयार की जाए। निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे हों और गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए। उन्होंने कहा कि परिसर का विकास इस तरह किया जाए, जिससे यहां आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button