लखनऊ। राजधानी में गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में वकील की 20 वर्षीय बेटी की मौत हो गई। वह अपनी मां और तीन पड़ोसियों के साथ एक रिसॉर्ट में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने गई थी। देर रात घर लौटते समय उनकी कार आगे चल रहे डंपर में पीछे से जा घुसी। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने भी कार को टक्कर मार दी। हादसा इतना जोरदार था कि कार बुरी तरह पिचक गई और उसमें सवार सभी पांच लोग अंदर फंस गए।
डंपर में घुसी कार, पीछे से ट्रक ने मारी टक्कर
जानकारी के मुताबिक, समीक्षा अपनी मां गीता और तीन पड़ोसियों के साथ शादी समारोह में शामिल होने के बाद कार से लौट रही थी। गुरुवार देर रात रास्ते में उनकी कार आगे चल रहे डंपर से टकरा गई। इसी बीच पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने भी कार को जोरदार टक्कर मार दी।
दोनों वाहनों की टक्कर के बाद कार का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद कार में सवार पांचों लोग अंदर ही फंस गए। मौके पर चीख-पुकार मच गई।
राहगीरों ने चार लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया
हादसे के बाद मौके से गुजर रहे लोगों ने बचाव कार्य शुरू किया। राहगीरों ने कार का दरवाजा तोड़कर उसमें फंसी समीक्षा की मां गीता, पड़ोसी शिखर, उनकी पत्नी सुकृति और शिखर की मां को बाहर निकाला। इसके बाद सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद बाहर निकाली गई समीक्षा
कार के पिछले हिस्से में समीक्षा बुरी तरह फंसी हुई थी। क्षतिग्रस्त कार के अंदर से उसे निकालना लोगों के लिए मुश्किल हो रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू कराया। करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने समीक्षा को कार से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।









