छठ महापर्व: लखनऊ के 110 घाटों पर होगी पूजा

लक्ष्मण मेला मैदान और कुड़िया घाट सजकर तैयार

लखनऊ। राजधानी लखनऊ में लोकआस्था का महापर्व छठ पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। चार दिवसीय पर्व की शुरुआत शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ हुई। शनिवार को व्रती खरना की परंपरा निभा रहे हैं। इसके साथ ही छठ पूजा के प्रमुख अनुष्ठानों की तैयारियां भी तेज हो गई हैं। शहर के लक्ष्मण मेला मैदान और कुड़िया घाट पर सजावट और व्यवस्थाओं का काम लगभग पूरा कर लिया गया है। दोनों घाटों को आकर्षक रंगोलियों और रोशनी से सजाया गया है।

खरना के बाद शुरू होगा 36 घंटे का निर्जला व्रत

छठ पर्व में खरना का विशेष धार्मिक महत्व है। शनिवार शाम व्रती पूजा-अर्चना के बाद प्रसाद ग्रहण करेंगे। इसके साथ ही उनका निर्जला व्रत शुरू हो जाएगा, जो अगले दिन डूबते सूर्य को अर्घ्य देने और फिर उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद पूरा होगा। इस दौरान व्रती मन और शरीर की शुद्धता का विशेष ध्यान रखते हैं। खरना का प्रसाद परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों में बांटना शुभ माना जाता है।

110 स्थानों पर छठ पूजा की तैयारी

अखिल भारतीय भोजपुरी समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रभुनाथ राय ने बताया कि लखनऊ में करीब 110 स्थानों पर छठ पूजा का आयोजन होता है। लक्ष्मण मेला मैदान और कुड़िया घाट समेत प्रमुख पूजा स्थलों पर पेंटिंग और सुंदरीकरण का काम लगभग पूरा हो चुका है। गोमती नदी के पानी की सफाई भी कराई गई है।

उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन, नगर निगम और एलडीए व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं। सभी घाटों पर महिलाओं की सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, जल पुलिस और नागरिक पुलिस की तैनाती, गोमती नदी में स्टीमर, फागिंग और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने की मांग की गई है।

मालिनी अवस्थी समेत 100 से अधिक कलाकार देंगे प्रस्तुति

15 नवंबर को दोपहर दो बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसमें पद्मश्री मालिनी अवस्थी मुख्य कलाकार के रूप में प्रस्तुति देंगी। कार्यक्रम में 100 से अधिक कलाकार हिस्सा लेंगे। इस दौरान समाज में उत्कृष्ट कार्य करने वाली विभूतियों को सम्मानित भी किया जाएगा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे कार्यक्रम का उद्घाटन

अखिल भारतीय भोजपुरी समाज के कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहले अर्घ्य के साथ करेंगे। कार्यक्रम में केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह, वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, नगर विकास मंत्री एके शर्मा और महापौर सुषमा खर्कवाल समेत कई जनप्रतिनिधियों के शामिल होने की जानकारी दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button