गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को गोरखपुर में कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त बयान दिया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में गुंडागर्दी और अराजकता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अगर किसी ने अराजकता फैलाने की कोशिश की तो उसे पूरी तरह कुचल दिया जाएगा। सीएम योगी ने यह टिप्पणी समाजवादी पार्टी के जुलूस के दौरान एक छात्र की मौत का मामला उठाते हुए की।
‘सड़क पर चलने वाले लोगों को मत रौंदिए’
मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ लोगों ने माफिया के सामने नाक रगड़ दी है, उनसे क्या उम्मीद की जा सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आते ही अराजकता फैलाने की कोशिशें शुरू हो जाती हैं। सीएम ने कहा कि हर व्यक्ति को अपनी राह चलने का अधिकार है, लेकिन सड़क पर चल रहे आम लोगों को नुकसान पहुंचाने या उन्हें रौंदने की छूट किसी को नहीं दी जा सकती।
छात्र की मौत का मामला उठाया
सीएम योगी ने दो दिन पहले हुई घटना का जिक्र करते हुए कहा कि दसवीं का एक छात्र अपनी छोटी बहन को लेने केंद्रीय विद्यालय जा रहा था। इसी दौरान समाजवादी पार्टी के जुलूस ने उसे रौंद दिया। उन्होंने बताया कि छात्र का परिवार चौरीचौरा की ऐतिहासिक घटना से जुड़े स्वतंत्रता सेनानी शिवपूजन सिंह के वंश से संबंधित है।
मुख्यमंत्री ने इस घटना को प्रदेश की पहचान पर काला धब्बा बताते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में इस तरह की गुंडागर्दी स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने दोहराया कि प्रदेश में जो भी अराजकता फैलाने का प्रयास करेगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।









