अंबेडकरनगर। जिले में औद्योगिक निवेश और रोजगार की संभावनाओं को लेकर प्रशासन ने औद्योगिक इकाइयों का स्थलीय निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ईशा प्रिया के निर्देश पर संयुक्त मजिस्ट्रेट थनिगईयरसन टी ने पांच औद्योगिक इकाइयों का जायजा लिया। इस दौरान उत्पादन, संचालन, प्रस्तावित निवेश और रोजगार सृजन की स्थिति की समीक्षा की गई। निरीक्षण में सभी पांचों इकाइयां संचालित मिलीं। इनमें कुल 89.05 करोड़ रुपये के प्रस्तावित निवेश और 202 लोगों के लिए रोजगार सृजन का लक्ष्य है।
65 करोड़ की परियोजना सबसे बड़ी, 120 लोगों को रोजगार का लक्ष्य
निरीक्षण में आर्यांश एग्रो सॉल्वेक्स प्राइवेट लिमिटेड सबसे बड़ी निवेश परियोजना के रूप में सामने आई। आनंद वर्मा की इस इकाई में 65 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है। यहां 120 लोगों को रोजगार देने का लक्ष्य रखा गया है। इकाई 24 जनवरी 2026 से संचालित है। इसके संचालन में धारा-80, पीईएसओ, बिजली, अग्निशमन और प्रदूषण संबंधी समस्याएं सामने आई थीं। प्रशासन ने संबंधित विभागों से समन्वय कर इनके समाधान में सहयोग किया। खाद्य प्रसंस्करण विभाग के माध्यम से सब्सिडी दिलाने में भी मदद की गई।
शंकर फूड प्रोडक्ट में 17.50 करोड़ का निवेश
शंकर फूड प्रोडक्ट की विस्तारीकरण परियोजना में 17.50 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है। दिनेश कुमार की इस इकाई में 25 लोगों को रोजगार देने का लक्ष्य है। इकाई दो नवंबर 2025 से संचालित है। निरीक्षण के दौरान बताया गया कि बिजली से जुड़ी समस्या का जिला प्रशासन ने समन्वय कर समाधान कराया।
बालाजी इंडस्ट्रीज और अन्नया मशरूम का भी लिया जायजा
बालाजी इंडस्ट्रीज में 1.50 करोड़ रुपये के निवेश और 25 लोगों को रोजगार देने का प्रावधान है। दीपक की यह एमएसएमई इकाई 30 अक्टूबर 2024 से संचालित है। इकाई की बिजली, अग्निशमन और प्रदूषण संबंधी समस्याओं के समाधान में प्रशासन ने सहयोग किया।









