फेसबुक की दोस्ती पड़ी भारी, मुकदमे की धमकी देकर पांच लाख ऐंठे

शादी तय होते ही शुरू हुआ कथित ब्लैकमेलिंग का खेल

अंबेडकरनगर। फेसबुक पर हुई पहचान और बढ़ी नजदीकियों के बाद एक युवक को कथित तौर पर ब्लैकमेल कर पांच लाख रुपये वसूलने का मामला सामने आया है। युवक का आरोप है कि शादी तय होते ही महिला ने यौन शोषण और छेड़खानी के मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर रकम मांगनी शुरू कर दी। दबाव में आकर उसने पांच लाख रुपये दे दिए। इसमें साढ़े तीन लाख रुपये ऑनलाइन और डेढ़ लाख रुपये नकद दिए गए। आरोप है कि इतनी रकम लेने के बाद भी महिला की मांग खत्म नहीं हुई। अब दोबारा पांच लाख रुपये मांगे जा रहे हैं। पुलिस से शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं होने पर युवक ने अदालत का रुख किया। न्यायालय के आदेश पर कटका पुलिस ने अयोध्या निवासी महिला और उसके अज्ञात सहयोगी के खिलाफ जबरन वसूली, घर में घुसकर धमकी देने समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

शादी तय होते ही पांच लाख की मांग का आरोप

कटका थाना क्षेत्र के पाभीपुर दिनकरपुर पिंडोरिया गांव निवासी विशाल यादव ने न्यायालय में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि फेसबुक के माध्यम से उसकी पहचान अयोध्या निवासी रागिनी निषाद से हुई थी। बातचीत बढ़ने के साथ दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं। आरोप है कि महिला ने धीरे-धीरे उसके परिवार और निजी जीवन से जुड़ी जानकारियां भी हासिल कर लीं। इसी बीच मई 2026 में विशाल का विवाह तय हो गया। युवक का आरोप है कि शादी की जानकारी मिलते ही 11 मई को महिला ने फोन कर पांच लाख रुपये मांगे। रकम नहीं देने पर शादी नहीं होने देने की धमकी दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button