अम्बेडकरनगर। शीतलहर और बढ़ती ठंड को देखते हुए जिला प्रशासन ने बचाव की तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को जिलाधिकारी ईशा प्रिया की अध्यक्षता में रैन बसेरों के संचालन और व्यवस्थाओं को लेकर बैठक हुई। इसमें अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) और जिले के सभी नगरीय निकायों के अधिशासी अधिकारी शामिल हुए।
जिलाधिकारी ने सभी नगरीय निकायों को रैन बसेरों को सक्रिय रखने और जरूरतमंदों के ठहरने की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रैन बसेरों में स्वच्छ बिस्तर, कंबल, पेयजल, शौचालय, प्रकाश और प्राथमिक चिकित्सा की सुविधा अनिवार्य रूप से उपलब्ध होनी चाहिए। महिलाओं और पुरुषों के ठहरने के साथ शौचालयों की भी अलग-अलग व्यवस्था करने को कहा।
हर रैन बसेरे पर तैनात होगा केयरटेकर
जिलाधिकारी ने सभी रैन बसेरों पर केयरटेकर तैनात करने और नोडल अधिकारी नामित करने के निर्देश दिए। उन्होंने रैन बसेरों का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने को भी कहा, ताकि जरूरतमंद लोगों को इनके बारे में जानकारी मिल सके।
उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को रात में रैन बसेरों का औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए। साथ ही सार्वजनिक स्थलों पर खुले में सोने वाले लोगों को चिह्नित कर सुरक्षित आश्रय स्थलों तक पहुंचाने और जरूरतमंदों को कंबल उपलब्ध कराने को कहा।
सार्वजनिक स्थलों पर जलेंगे अलाव, गोवंश के लिए भी इंतजाम
ठंड से बचाव के लिए प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर अलाव की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने निराश्रित गोवंश को शीतलहर से बचाने के लिए गो-आश्रय स्थलों में भी जरूरी इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को शासन के निर्देशों का कड़ाई से पालन करने और ठंड से बचाव के लिए जरूरी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए।









