खाद की कालाबाजारी और ओवररेटिंग पर होगी सख्त कार्रवाई

थोक विक्रेताओं और सहकारी समितियों में पर्याप्त स्टॉक रखने के निर्देश, दुकानों पर अनिवार्य होगी रेट लिस्ट

अम्बेडकरनगर। जिले में उर्वरक की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था को लेकर जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने सख्ती दिखाई है। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने अधिकारियों और उर्वरक विक्रेताओं को किसानों को निर्धारित मूल्य पर खाद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही ओवररेटिंग, कालाबाजारी और अनियमित बिक्री की शिकायत मिलने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।

थोक विक्रेता समय से उपलब्ध कराएं खाद
जिलाधिकारी ने थोक विक्रेताओं को अपने अधीनस्थ डीलरों और खुदरा विक्रेताओं को पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एग्री जंक्शन केंद्रों और सहकारी समितियों पर भी खाद की उपलब्धता बनी रहनी चाहिए, ताकि किसानों को कृषि कार्यों के लिए उर्वरक मिलने में परेशानी न हो।

स्टॉक और बिक्री रजिस्टर रखना होगा अपडेट
बैठक में सभी उर्वरक विक्रेताओं और सहकारी समितियों को स्टॉक रजिस्टर और बिक्री रजिस्टर नियमित रूप से अपडेट रखने को कहा गया। उर्वरकों के व्यवस्थित भंडारण और रखरखाव के भी निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने सभी दुकानों और सहकारी समितियों पर उर्वरकों की निर्धारित दरों की स्पष्ट और पठनीय रेट लिस्ट प्रदर्शित करने को कहा, ताकि किसानों को कीमतों की सही जानकारी मिल सके।

वितरण व्यवस्था पर रहेगी अधिकारियों की निगरानी
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को उर्वरक की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों को निर्धारित मूल्य पर खाद उपलब्ध कराने में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में उप निदेशक कृषि, जिला कृषि अधिकारी, सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button