विद्यार्थी विज्ञान मंथन की परीक्षा में अम्बेडकरनगर के 904 विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा

जवाहर नवोदय विद्यालय अफजलपुर में हुआ आयोजन, अवध प्रांत के 6580 विद्यार्थियों ने दी लेवल-1 परीक्षा; 30 नवंबर को आएगा परिणाम

अम्बेडकरनगर। विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच और नवाचार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम विद्यार्थी विज्ञान मंथन (VVM) की लेवल-1 परीक्षा का आयोजन जवाहर नवोदय विद्यालय अफजलपुर में किया गया। जिले में पंजीकृत 905 विद्यार्थियों में से 904 ने परीक्षा में प्रतिभाग किया। वहीं, अवध प्रांत में 6685 पंजीकृत विद्यार्थियों में से 6580 ने परीक्षा दी।

विज्ञान भारती (VIBHA) की ओर से आयोजित यह कार्यक्रम राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (NCERT), शिक्षा मंत्रालय और राष्ट्रीय विज्ञान संग्रहालय परिषद (NCSM) के सहयोग से संचालित किया जा रहा है। इसमें कक्षा छह से 11 तक के विद्यार्थी हिस्सा लेते हैं।

विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाना है उद्देश्य
विद्यार्थी विज्ञान मंथन के अवध प्रांत के राज्य समन्वयक नीरज यादव ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति रुचि और जिज्ञासा बढ़ाना है। इसके माध्यम से वैज्ञानिक प्रतिभाओं की पहचान की जाती है। साथ ही भारत की प्राचीन, मध्यकालीन और आधुनिक वैज्ञानिक उपलब्धियों से विद्यार्थियों को परिचित कराया जाता है।

उन्होंने बताया कि परीक्षा ऑनलाइन माध्यम से आयोजित की गई। विद्यार्थियों की सुविधा के लिए कक्षावार अलग-अलग तिथियां निर्धारित की गई थीं। प्रत्येक विद्यार्थी को एक बार लॉगिन करके परीक्षा देने का अवसर दिया गया।

तीन चरणों में पूरी होगी चयन प्रक्रिया
राज्य समन्वयक के अनुसार विद्यार्थी विज्ञान मंथन की चयन प्रक्रिया तीन चरणों में पूरी होगी। लेवल-1 परीक्षा का परिणाम 30 नवंबर 2026 को घोषित किया जाना निर्धारित है। इसके बाद 27 दिसंबर 2026 तथा 3, 10 और 17 जनवरी 2027 में से किसी एक निर्धारित तिथि पर अगला ऑनलाइन चरण आयोजित होगा। राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा की तिथि और स्थान की घोषणा 28 फरवरी 2027 को की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button