अयोध्या से पहली सीधी ट्रेन जनकपुर धाम पहुंची

20 घंटे में पूरा हुआ राम-सीता की नगरी का सफर

अयोध्या। भगवान राम की नगरी अयोध्या और माता सीता की जन्मस्थली जनकपुर धाम के बीच रेल कनेक्टिविटी की नई शुरुआत हुई है। अयोध्या से पहली सीधी ट्रेन मंगलवार सुबह करीब 9:35 बजे नेपाल के जनकपुर धाम स्टेशन पहुंची। सरयू कमला एक्सप्रेस के जनकपुर पहुंचने पर यात्रियों का फूल बरसाकर स्वागत किया गया। पहले दिन इस ट्रेन में कुल 1158 यात्रियों ने सफर किया।

इस ट्रेन को सोमवार दोपहर करीब डेढ़ बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने अयोध्या से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। ट्रेन ने करीब 20 घंटे में अपना सफर पूरा किया। इस दौरान उत्तर प्रदेश और बिहार के 10 प्रमुख स्टेशनों पर इसका ठहराव रहा। आम यात्रियों के लिए यह ट्रेन 28 नवंबर से शुरू होने की उम्मीद है।

19 घंटे में पूरा होगा राम-सीता की नगरी का सफर

अयोध्या और जनकपुर धाम का धार्मिक और सांस्कृतिक संबंध सदियों पुराना है। वाल्मीकि रामायण के अनुसार, राजा दशरथ जब भगवान राम की बारात लेकर मिथिला के जनकपुर पहुंचे थे, तब उन्हें इस यात्रा में चार दिन लगे थे। अब रेल कनेक्टिविटी के जरिए यही सफर करीब 19 से 20 घंटे में पूरा किया जा सकेगा। इससे दोनों धार्मिक नगरों के बीच आवागमन पहले की तुलना में आसान होगा।

यूपी-बिहार के 10 स्टेशनों से होकर गुजरेगी ट्रेन

सरयू कमला एक्सप्रेस उत्तर प्रदेश और बिहार के कई प्रमुख शहरों को जोड़ते हुए नेपाल के जनकपुर धाम तक पहुंचेगी। इसके रास्ते में अयोध्या धाम, मनकापुर, बस्ती, गोरखपुर, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, शिशो, मधुबनी और जयनगर स्टेशन शामिल हैं। जयनगर से ट्रेन नेपाल में प्रवेश करेगी और जनकपुर धाम स्टेशन पहुंचेगी।

सप्ताह में एक दिन होगा संचालन

सरयू कमला एक्सप्रेस साप्ताहिक ट्रेन होगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, अयोध्या कैंट से जनकपुर धाम के लिए ट्रेन सोमवार को रवाना होगी, जबकि जनकपुर धाम से अयोध्या के लिए शनिवार को चलेगी।

बिहार और नेपाल के यात्रियों को मिलेगा फायदा

इस रेल सेवा से बिहार के मधुबनी, दरभंगा और सीतामढ़ी के आसपास के इलाकों के यात्रियों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है। खासकर नेपाल से अयोध्या और उत्तर प्रदेश-बिहार के प्रमुख शहरों में आने-जाने वाले लोगों को सीधा रेल विकल्प मिलेगा। धार्मिक पर्यटन के साथ दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक और सामाजिक संपर्क को भी बढ़ावा मिल सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button