मदुरै। तमिलनाडु के मदुरै स्थित तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर सोमवार को कार्तिगई दीपम के अवसर पर दीप जलाया जाएगा। सुप्रीम कोर्ट ने 20 नवंबर को पहाड़ी पर स्थित प्राचीन पत्थर के स्तंभ ‘दीपथून’ पर 24 नवंबर को दीप जलाने की सशर्त अनुमति दी थी। यह स्तंभ सिकंदर बदुशा दरगाह के पास स्थित है। आयोजन को लेकर विवाद और तनाव की आशंका के मद्देनजर प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।
पहाड़ी और आसपास के इलाकों में 5,600 से ज्यादा पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। आम लोगों के पहाड़ी पर चढ़ने और दीपथून तक पहुंचने पर रोक लगाई गई है। इसके अलावा पूरे इलाके में ड्रोन उड़ाने पर भी पाबंदी है। सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए 70 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।
भाजपा और हिंदू मुन्नानी के नेताओं को हाउस अरेस्ट करने की खबर
दीपम कार्यक्रम के बीच राजनीतिक गतिविधियां भी तेज हो गई हैं। भाजपा और हिंदू मुन्नानी के कुछ नेताओं को हाउस अरेस्ट किए जाने की खबर है। भाजपा नेताओं की ओर से दीपम कार्यक्रम में शामिल होने की योजना के बीच उनकी हिरासत को लेकर भी चर्चा हो रही है। वहीं, तमिलनाडु सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर कर दीप जलाने की अनुमति पर दोबारा विचार करने की मांग की है।
दीपथून स्तंभ को लेकर शुरू हुआ था विवाद
तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर दीप जलाने को लेकर विवाद का मुख्य केंद्र प्राचीन पत्थर का स्तंभ दीपथून है। यह सिकंदर बदुशा दरगाह के पास स्थित है। विवाद इस बात को लेकर है कि कार्तिगई दीपम के अवसर पर पारंपरिक दीप इसी स्तंभ पर जलाया जाना चाहिए या नहीं।
यह विवाद नवंबर 2025 में शुरू हुआ था। उस समय स्थानीय अधिकारियों ने कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका जताते हुए पहाड़ी पर दीप जलाने की अनुमति नहीं दी थी। इसके बाद दिसंबर 2025 में मद्रास हाईकोर्ट ने प्रशासन के फैसले को पलटते हुए दीप जलाने की अनुमति दी थी।
सुप्रीम कोर्ट ने सिर्फ इस साल के लिए दी अनुमति
मद्रास हाईकोर्ट के फैसले को तमिलनाडु सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी। सुप्रीम कोर्ट ने अगस्त में राज्य सरकार की याचिका पर नोटिस जारी किया था। इसके बाद 20 नवंबर को जस्टिस अरविंद कुमार की अगुवाई वाली पीठ ने 24 नवंबर को दीपथून पर दीप जलाने की एक बार की सशर्त अनुमति दी।
अदालत ने स्पष्ट किया कि यह आदेश केवल इस साल के आयोजन के लिए है। इससे पहाड़ी के मालिकाना हक या पारंपरिक अधिकारों से जुड़े व्यापक विवाद का निपटारा नहीं होगा। साथ ही इस आदेश को भविष्य के मामलों में कानूनी मिसाल भी नहीं माना जाएगा।









