यातायात माह में पुलिस की बड़ी कार्रवाई

एक दिन में 310 वाहनों के चालान, नशे में मिले 26 चालक

अंबेडकरनगर। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ जिले में पुलिस का अभियान जारी है। यातायात माह के तहत मंगलवार को यातायात पुलिस ने सघन चेकिंग और जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान नियम तोड़ने पर 310 वाहनों का चालान किया गया, जबकि तीन वाहनों से 3,000 रुपये शमन शुल्क जमा कराया गया। वहीं, एक से 24 नवंबर तक ओवरस्पीड के 2,470 और अन्य यातायात उल्लंघनों में 13,200 वाहनों का चालान किया गया है।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक यातायात जयबहादुर यादव के नेतृत्व में यातायात पुलिस ने यह अभियान चलाया। इसमें बिना हेलमेट और सीटबेल्ट वाहन चलाने वालों के साथ मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने, गलत दिशा में वाहन चलाने और नाबालिगों के वाहन चलाने पर कार्रवाई की गई। वाहनों में हूटर और सायरन का अनधिकृत इस्तेमाल करने वालों की भी जांच की गई।

नशे में वाहन चलाने वाले 26 चालक पकड़े गए
यातायात माह के दौरान नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। पुलिस ने कुल 1,510 वाहनों की जांच की। इनमें 26 चालक निर्धारित मानकों के अनुसार नशे की हालत में पाए गए। इनके खिलाफ चालान की कार्रवाई करते हुए कुल 2.60 लाख रुपये का जुर्माना आरोपित किया गया।

24 दिनों में 2.17 लाख रुपये शमन शुल्क वसूला
यातायात पुलिस के आंकड़ों के अनुसार, एक से 24 नवंबर तक यातायात नियमों के उल्लंघन पर कुल 13,200 वाहनों का चालान किया गया। इनमें ओवरस्पीड के 2,470 चालान शामिल हैं। इस अवधि में 158 वाहनों से कुल 2.17 लाख रुपये शमन शुल्क जमा कराया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button