
- उल्लू एप पर विवादत्- ‘हाउस अरेस्ट’ शो पर अश्लीलता के आरोप
- ऐजाज खान और उल्लू एप के खिलाफ शिकायत दर्ज, शो को लेकर मचा हंगामा
- शो ‘हाउस अरेस्ट’ के सभी एपिसोड हटाए गए, उल्लू एप ने मांगी माफी
मुंबई। उल्लू एप पर स्ट्रीम होने वाले कंट्रोवर्शियल रियलिटी शो ‘हाउस अरेस्ट’ को लेकर बवाल तेज हो गया है। शो में महिला प्रतिभागियों से अश्लील पोज करवाने के आरोपों के बीच बजरंग दल ने मुंबई पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद उल्लू एप ने शो के सभी एपिसोड हटा दिए और आधिकारिक तौर पर माफी मांगी।
उल्लू एप ने मांगी माफी, कहा- “हमारी लापरवाही थी”
एप ने जारी बयान में कहा, *”हम सूचित करते हैं कि इस शो के सभी एपिसोड 3-4 दिन पहले हटा दिए गए हैं। यह हमारी इंटरनल टीम की अनदेखी और लापरवाही का नतीजा था, जिसे हम स्वीकार करते हैं। हम कानून का पालन करते हैं और इस मामले पर सतर्कता दिखाने के लिए आभार व्यक्त करते हैं।”*
क्या हुआ था शो में?
29 अप्रैल को सोशल मीडिया पर शो का एक क्लिप वायरल हुआ, जिसमें होस्ट ऐजाज खान को महिला प्रतिभागियों से कपड़े उतारने और कामसूत्र जैसे अश्लील पोज करवाते देखा गया। कुछ प्रतिभागियों ने असहजता जताई, लेकिन उनकी बात नहीं सुनी गई। इसके बाद राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने उल्लू एप के सीईओ विभु अग्रवाल और ऐजाज खान को समन जारी कर 9 मई तक जवाब मांगा।
NCW ने कहा- “महिलाओं का यौन उत्पीड़न”
NCW ने अपने नोटिस में कहा कि “यह शो महिलाओं की गरिमा के खिलाफ है और मनोरंजन के नाम पर यौन उत्पीड़न है। अगर आरोप सही पाए गए, तो यह IPC और IT एक्ट के तहत गंभीर अपराध होगा।”
बजरंग दल ने दी थी धमकी
इससे पहले, बजरंग दल ने उल्लू एप को चेतावनी देते हुए कहा था कि अगर शो के एपिसोड नहीं हटाए गए, तो वे “अपने तरीके से” कार्रवाई करेंगे।








