अंबेडकर नगर। टौंस नदी का जलस्तर बढ़ने से प्रभावित हुए लखमीपुर पुरवा कर्मुल्लाहपुर गांव के ग्रामीणों को प्रशासन ने राहत दी है। नदी में पानी बढ़ने से डूबे लकड़ी के पुल के बाद अब आवागमन के लिए नाव की व्यवस्था कर दी गई है।
जलालपुर तहसील क्षेत्र के विकास खंड भियांव अंतर्गत आने वाले इस गांव में लकड़ी का पुल जलमग्न हो गया था। इससे ग्रामीणों का संपर्क प्रभावित हो गया और स्कूली बच्चों, किसानों समेत अन्य लोगों को जरूरी कामों के लिए अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही थी।
ग्रामीणों की मांग पर तुरंत हुई व्यवस्था
ग्रामीणों ने आवागमन के लिए नाव उपलब्ध कराने की मांग की थी। जानकारी मिलते ही प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए तहसील टांडा से नाव मंगाकर गांव में उपलब्ध करा दी।
नाव की व्यवस्था होने से अब ग्रामीणों को नदी पार करने में सुविधा मिल रही है। इससे बच्चों के स्कूल जाने और लोगों के दैनिक कार्यों में आ रही परेशानी कम हुई है।
बरसात तक स्थिति पर रहेगी नजर
अपर जिलाधिकारी न्यायिक रंजीत सिंह ने बताया कि नाव की व्यवस्था से ग्रामीणों का आवागमन सुचारु हो गया है। उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान क्षेत्र की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जनसुरक्षा और सुविधाओं को देखते हुए जरूरी इंतजाम समय से सुनिश्चित किए जाएं।
ग्रामीणों ने नाव की व्यवस्था कराए जाने पर प्रशासन के प्रति आभार जताया। इस दौरान संबंधित लेखपाल और अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।









